पटना,अंग भारत। स्वास्थ्य मंत्री निशांत के निर्देश पर बिहार में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चल रहा है। अब तक राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 531 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है, जिसमें सबसे ज्यादा 87 निरीक्षण अकेले पटना में हुए हैं। कार्रवाई में 2 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए और 15 के खिलाफ अभियोजन दायर किया गया है।स्वास्थ्य मंत्री ने साफ कहा है कि खाद्य संरक्षा मानकों का पालन विभाग की पहली प्राथमिकता है और आम लोगों के स्वास्थ्य से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। सभी कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, गुणवत्तापूर्ण सामग्री और वैध लाइसेंस के नियमों का पालन करना होगा।
पटना में 15 हजार लीटर पानी, 3 हजार किलो मिल्क केक जब्त -: पटना में अभियान के दौरान लगभग 15,340 लीटर पैकेज्ड पेयजल, 3,456 किलो मिल्क केक, 155 किलो गुलाब जामुन, 96 किलो रसगुल्ला, 170 किलो मिक्स मिठाई और पनीर समेत बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री पर कार्रवाई हुई।संपतचक, गौरीचक में बिना लाइसेंस चल रही पानी की फैक्ट्रियों पर छापा पड़ा। महादेव इंटरप्राइजेज, त्रिवेणी नीर समेत कई जगहों से बड़ी मात्रा में पानी जब्त किया गया। कई इकाइयों में बिना लाइसेंस पैकेजिंग और दूसरे ब्रांड के लेबल लगाने की गड़बड़ी मिली। विभाग ने उत्पादन बंद कराकर सैंपल लैब भेजे।
बड़े होटलों में भी मिली गड़बड़ी -: होटल गार्गी ग्रैंड, पाटलिपुत्र एग्जॉटिका, द पनाश, होटल मौर्या के किचन में साफ-सफाई, भंडारण और स्टाफ के हेल्थ सर्टिफिकेट में कमी मिली। कहीं वेज-नॉनवेज एक साथ रखा मिला तो कहीं एक्सपायरी सामान। सभी को 14 दिन का सुधार नोटिस दिया गया।विजय नगर के संतोष स्वीट्स से 3,344 किलो मिल्क केक और 112 किलो पेड़ा जब्त हुआ, जिसकी कीमत करीब 5.24 लाख बताई गई। हनुमान नगर के गोवर्धन स्वीट्स में 170 किलो बदबूदार मिठाई और पनीर मिला। राजीव नगर, फ्रेजर रोड, एसपी वर्मा रोड, मलाही पकड़ी और परसा बाजार में भी जला तेल, बासी खाना, खराब पनीर जब्त हुआ।
राज्यभर में चला अभियान -: पटना के अलावा रोहतास में 41, सारण में 40, गोपालगंज में 37, सीवान में 27, गया में 26, वैशाली में 24, मुजफ्फरपुर में 20, भागलपुर और पश्चिम चंपारण में 18-18, पूर्णिया में 16 प्रतिष्ठानों की जांच हुई। शेखपुरा और शिवहर में इस दौरान एक भी निरीक्षण नहीं हुआ।विभाग ने कहा है कि मानकों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी और लोगों को सुरक्षित खाना मिले, इसके लिए पूरे बिहार में अभियान लगातार चलेगा।







