सीवान,अंग भारत। बिहार के सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर में शुक्रवार को हुए भीषण विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई। विस्फोट इतना तेज था कि पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। जिला प्रशासन ने देर रात तक चले अभियान में मलबे से पांच शव निकाले हैं।मृतकों में मकान मालिक आलमपुर निवासी स्व. इस्लाम मियां के 65 वर्षीय बेटे अमीरुद्दीन मियां, स्व. अयाद अहमद की 13 साल की बेटी खुशबू सिद्दीकी, आजाद अहमद की 23 साल की बेटी मुस्कान सिद्दीकी, फिरोज अहमद का 8 साल का बेटा अरसद सिद्दीकी और बड़हरिया थाना क्षेत्र के सदरपुर निवासी स्व. शंकर सिंह का 35 वर्षीय बेटा राजकुमार सिंह शामिल है। एक साथ पांच मौतों से पूरे इलाके में मातम पसरा है।
बार-बार हो रहे विस्फोट, अंधेरे में फंसा रेस्क्यू -: हादसे के बाद मलबे में कई और लोगों के दबे होने की आशंका पर प्रशासन ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया। लेकिन मकान की जर्जर हालत, रुक-रुककर हो रहे धमाके और अंधेरे के कारण बचाव टीम को काफी मुश्किल हुई। सुरक्षा को देखते हुए रात करीब 10 बजे पांच शव निकालने के बाद रेस्क्यू रोकना पड़ा।प्रशासन के अनुसार शनिवार सुबह फिर से जेसीबी से मलबा हटाने का काम शुरू होगा और परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश की जाएगी।
डीआईजी, डीएम, एसपी पहुंचे मौके पर -: घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी नीलेश कुमार, डीएम विजय प्रकाश मीणा और एसपी भारत सोनी समेत जिले के सभी बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे और रात भर रेस्क्यू की निगरानी की। रात में अभियान रोकने के बाद सभी अधिकारी मुख्यालय लौट गए।बचाव में करीब 14 एंबुलेंस, 5 से ज्यादा दमकल की गाड़ियां, 3 मोर्चरी वैन और सैकड़ों पुलिसकर्मी लगे रहे। सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम भी मौके पर तैनात रही ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके।विस्फोट क्यों और कैसे हुआ, इसका पता अभी नहीं चला है। प्रशासन का कहना है कि पूरा रेस्क्यू और जांच खत्म होने के बाद ही हादसे की असली वजह और प्रभावित लोगों की सही संख्या पता चल पाएगी।







