बर्मिंघम में भारत का विजयी आगाज
बर्मिंघम,अंग भारत| आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए पाकिस्तान को 64 रन से हराया। एजबेस्टन मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दमदार प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में दो महत्वपूर्ण अंक हासिल कर लिए हैं।
Read more……………..नेशंस कप में भारत की महिला हॉकी टीम तैयार, पहला मुकाबला अमेरिका से
मंधाना ने रखी बड़े स्कोर की नींव
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। टीम को मजबूत शुरुआत अनुभवी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने दिलाई। मंधाना ने 44 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। उन्होंने पाकिस्तान के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और रन गति को लगातार आगे बढ़ाया।
हरमनप्रीत और ऋचा ने संभाली जिम्मेदारी
मंधाना के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी अहम योगदान देते हुए 36 रन बनाए। मध्यक्रम में उन्होंने पारी को संभाला और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं अंतिम ओवरों में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। ऋचा ने सिर्फ 17 गेंदों में 34 रन बनाकर भारत के स्कोर को 170 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
पाकिस्तान ने की तेज शुरुआत
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने शुरुआत में सकारात्मक क्रिकेट खेली। पावरप्ले में बल्लेबाजों ने तेजी से रन जुटाए और मुकाबले में बने रहने की कोशिश की। शुरुआती ओवरों में भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए संघर्ष करना पड़ा, लेकिन जैसे ही स्पिन गेंदबाजों को मौका मिला, मैच का रुख पूरी तरह बदल गया।
दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास
भारतीय जीत की सबसे बड़ी नायिका दीप्ति शर्मा रहीं। उन्होंने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए मात्र 10 रन देकर पांच विकेट झटके। दीप्ति की सटीक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान का मध्यक्रम पूरी तरह बिखर गया। उन्होंने लगातार अंतराल पर विकेट लेकर विपक्षी टीम की उम्मीदों को समाप्त कर दिया।
श्री चरणी ने दिया शानदार साथ
दीप्ति शर्मा को बाएं हाथ की स्पिनर एन. श्री चरणी का भी बेहतरीन सहयोग मिला। चरणी ने तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और पाकिस्तान की बल्लेबाजी को दबाव में बनाए रखा। दोनों स्पिनरों की घातक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज टिक नहीं सके।
मुनीबा अली का संघर्ष रहा बेकार
पाकिस्तान की ओर से मुनीबा अली ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। हालांकि उन्हें दूसरे छोर से कोई बड़ा सहयोग नहीं मिला। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालकर पाकिस्तान को मैच में वापसी का मौका नहीं दिया।
17 ओवर में सिमटी पाकिस्तान टीम
भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के सामने पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। भारत ने मुकाबला 64 रन से अपने नाम कर लिया। इस बड़ी जीत से भारतीय टीम का नेट रन रेट भी मजबूत हुआ है।
खिताब की दावेदारी का मजबूत संकेत
विश्व कप जैसे बड़े मंच पर पाकिस्तान के खिलाफ भारत का शानदार रिकॉर्ड इस जीत के बाद और मजबूत हो गया है। बल्लेबाजों का आत्मविश्वास और स्पिन गेंदबाजों की धार ने यह साफ संकेत दिया है कि भारतीय टीम इस बार खिताब की मजबूत दावेदार के रूप में उभर सकती है।



































One Response