भागलपुर,अंग भारत। कोतवाली थाना क्षेत्र के व्यस्ततम कोतवाली चौक स्थित टेक्नोसपोर्ट मॉल में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया और मॉल के स्टॉक रूम में रखे करीब 6 हजार से ज्यादा ब्रांडेड कपड़े जलकर राख हो गए। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।प्राथमिक जांच में आग की वजह स्टॉक रूम में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। सुबह मॉल के ऊपरी हिस्से से धुएं का गुबार और लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू -: घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से कोतवाली चौक की ओर आने-जाने वाले दोनों रास्तों को बंद कर दिया।15 मिनट के भीतर अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां दमकलकर्मियों के साथ पहुंच गईं। तंग इलाका और घना धुआं होने से अंदर घुसने में दिक्कत हुई, लेकिन टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।राहत की बात रही कि इस हादसे में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम नुकसान के सही आंकलन और शॉर्ट सर्किट के सटीक कारणों की जांच में जुटी है।







