Founder – Mohan Milan

रांची समेत कई जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

रांची,अंग भारत। झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के 20 जिलों में गुरुवार को बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Read more………….भर्ती परीक्षा घोटाले में छह आरोपितों की जमानत पर सुनवाई

कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा। हालांकि उत्तर-पश्चिमी झारखंड के गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा जिलों में गुरुवार को बारिश की संभावना कम है। इसके अलावा बाकी जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और वज्रपात की आशंका जताई गई है।विभाग ने कहा है कि दो जून तक राज्य के अलग-अलग जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।

लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। किसानों को भी खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

कई इलाकों में हुई हल्की बारिश

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव दर्ज किया गया। पाकुड़ जिले के पाकुड़िया में सबसे अधिक 16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा अमरपारा, महेशपुर, महगांव, बोआरिजोर, पथरगामा और मझगांव सहित कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई।

डाल्टनगंज सबसे गर्म, गोड्डा सबसे ठंडा

तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान गोड्डा में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और मध्यम गति से हवाएं चलने लगीं। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रांची और जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बोकारो में 40.5 डिग्री और चाईबासा में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और मौसम से जुड़ी चेतावनियों का पालन करें।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon