बांका में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, चार्ज पदाधिकारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
बांका,अंग भारत| भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना – 2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में व्यापक स्तर पर तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में बांका जिला पदाधिकारी सह प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी नवदीप शुक्ला के निर्देशानुसार समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में गुरुवार को जिले के सभी चार्ज पदाधिकारियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर निकायों के प्रभार पदाधिकारी तथा संबंधित तकनीकी पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 09:30 बजे से सायं 06:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, प्रशासनिक व्यवस्था तथा तकनीकी पहलुओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है, ताकि आगामी जनगणना कार्य को त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में जनगणना के उद्देश्य, उसकी महत्ता तथा प्रशासनिक संरचना पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके पश्चात प्रतिभागियों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जनगणना से संबंधित विभिन्न मॉड्यूल, कार्यप्रणाली तथा फील्ड स्तर पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से चार्ज ऑफिसर यूजर, डिस्ट्रिक्ट यूजर तथा एडमिन आईडी के निर्माण एवं उपयोग से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान की जा रही है, ताकि डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जनगणना से संबंधित कार्यों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके। साथ ही जनगणना के दौरान डाटा संकलन, निगरानी एवं रिपोर्टिंग की प्रक्रियाओं को भी विस्तार से समझाया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के रूप में जिला आईटी प्रबंधक प्रमोद कुमार चौधरी द्वारा प्रतिभागियों को तकनीकी मॉड्यूल, पोर्टल के उपयोग तथा यूज़र आईडी निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता अजीत कुमार, उप विकास आयुक्त उपेंद्र सिंह तथा जिला सांख्यिकी पदाधिकारी हरेराम प्रसाद, प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा पदाधिकारी देवनारायण पंडित, प्रशिक्षण कोषांग के संतोष कुमार रजक, प्रीतम चौधरी, रवि शंकर रवि भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार विभिन्न विकास योजनाओं का निर्माण एवं क्रियान्वयन करती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं सजगता के साथ करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर अपने प्रश्न एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान किया गया।

Mohan Milan