सहरसा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का भव्य स्वागत
सहरसा,अंग भारत। आधुनिक बिहार के विश्वकर्मा और विकास पुरुष के रूप में विख्यात बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहरसा आगमन पर उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया गया। कोसी की पावन धरती पर पहुंचने पर पूर्व मंत्री डॉ आलोक रंजन झा सहित स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया तथा उनके नेतृत्व में बिहार के निरंतर विकास के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री आलोक रंजन ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में बिहार प्रगति के नए सोपान तय कर रहा है।विशेषकर कोसी क्षेत्र के विकास को लेकर उनकी दूरदर्शी सोच और प्रतिबद्धता क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में राज्य में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं। साथ ही बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सहरसा आगमन पर भी सहरसा हवाई अड्डा पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ के साथ मिथिला की पारंपरिक पाग-चादर भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए बिहार के समग्र विकास और कोसी क्षेत्र की तरक्की के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Mohan Milan