Founder – Mohan Milan

सत्ता पक्ष का गैस की किल्लत और बढ़ती कीमत पर सदन में हंगामा

रांची,अंग भारत।  झारखड विधानसभा बजट सत्र के 13 वें दिन शुक्रवार को सदन में राज्य में एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमत और किल्लत को लेकर जोरदार हंगामा देखने को मिला। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सत्ता पक्ष के विधायक अपने स्थान पर खड़े हो गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सत्ता पक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में गैस की कोई कमी नहीं है, यह व्यवस्था का सवाल है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए सदन में बेवजह हाय-तौबा मचा रही है।विधायक सरयू राय ने भी कहा कि यह मूल रूप से व्यवस्था से जुड़ा मामला है और इसे लेकर अनावश्यक रूप से सदन में शोर-शराबा किया जा रहा है। इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने तंज कसते हुए कहा कि लोकसभा में कांग्रेस के नेता चर्चा में शामिल नहीं होते और वहां से बाहर चले जाते हैं, जबकि यहां उनके नेता हंगामा कर रहे हैं।इस दौरान उन्होंने गैस की कीमतों में वृद्धि और आपूर्ति में कमी का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की। सत्ता पक्ष के विधायक प्रदीप यादव ने हाथों में अखबार लहराते हुए कहा कि राज्य में लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस की किल्लत के कारण कई स्कूलों में मध्यान्ह भोजन तक प्रभावित हो रहा है।लगातार शोर-शराबे के बीच विधानसभा अध्यक्ष डॉ रवींद्र नाथ महतो ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि इस प्रश्न को यहीं छोड़ दिया जाए और सदन की कार्यवाही को आगे बढ़ाया जाए। इसके बाद अध्यक्ष ने कार्यसूची के अनुसार अगली कार्यवाही शुरू कराई।झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 13वें दिन शुक्रवार को गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर सत्ता पक्ष के विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। विधायकों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान विधायकों के हाथों में जो पोस्टर थे, उनमें लिखा था कि संसद से नरेंद्र मोदी गायब और देश से सिलेंडर गायब। कुछ पोस्टरों में एक तस्वीर भी लगाई गई थी, जिसमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खड़े दिखाई दे रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सामने सिर झुकाकर प्रणाम करते नजर आ रहे हैं। सत्ता पक्ष के विधायकों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगातार बढ़ रही है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि महंगाई का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है। लोगों को सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन लगना पड़ रहा है इसके बाद भी नहीं मिल रहा है। लोग गैस की किल्लत झेल रहे हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts