Founder – Mohan Milan

झारखंड में पांच नवंबर तक छाए रहेंगे बादल, हल्की बारिश की संभावना

रांची,अंग भारत। झारखंड में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदला हुआ रहेगा। राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में पांच नवंबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने शनिवार को पूर्वानुमान जारी करते हुए यह जानकारी दी।विभाग के अनुसार, फिलहाल एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण राज्य के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। इसके असर से सुबह के समय कुहासा और दोपहर बाद बादल छाए रहने की स्थिति बनी हुई है।

सुबह कुहासा, दोपहर बाद बारिश के आसार -: मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिकों के मुताबिक, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक सुबह के समय हल्का से मध्यम कुहासा छाया रहेगा। खासकर उत्तरी और मध्य झारखंड के जिलों में दृश्यता कम रह सकती है।दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने की संभावना है, लेकिन दोपहर बाद कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर बादल बनने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में बारिश की संभावना अपेक्षाकृत अधिक है।विभाग ने कहा है कि यह बारिश मानसूनी नहीं, बल्कि मौसमी बदलाव के कारण होने वाली बारिश है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में कटाई के काम को मौसम देखकर ही करें।

तापमान में उतार-चढ़ाव, ठंड में बढ़ोतरी -: पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम जिले के दारीसाई में 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान लातेहार में 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।पिछले तीन-चार दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुई रुक-रुक कर बारिश के कारण ठंड में वृद्धि हुई है। सुबह और शाम के समय अब ठंडक महसूस होने लगी है। ग्रामीण इलाकों में लोग सुबह अलाव का सहारा ले रहे हैं।हालांकि, शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहने के बाद दोपहर में आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकली। इससे दिन में हल्की गर्मी और उमस महसूस की गई। मौसम साफ होने के कारण रांची सहित कई जिलों के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई।विभाग का कहना है कि रविवार से न्यूनतम तापमान में एक बार फिर दो से तीन डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह की ठंड और बढ़ सकती है।

प्रमुख शहरों का तापमान -: शनिवार को राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 28.4 और न्यूनतम 22.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 24.6 और न्यूनतम 21.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.1 और न्यूनतम 23.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 29.4 और न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।मौसम केंद्र के अनुसार, रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और गुमला में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जबकि जमशेदपुर और चाईबासा में अभी भी दिन का तापमान 29 डिग्री तक पहुंच रहा है।

पांच नवंबर के बाद साफ होगा मौसम -: मौसम विभाग के अनुसार, पांच नवंबर के बाद राज्य में मौसम के साफ होने की उम्मीद है। उसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और ठंड में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी होगी।विभाग ने लोगों से अपील की है कि सुबह के समय कुहासा के कारण वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। साथ ही बदलते मौसम में स्वास्थ्य को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।फिलहाल, झारखंड में मानसून विदा हो चुका है और अब गुलाबी ठंड का मौसम शुरू हो गया है। दिन में धूप और सुबह-शाम ठंडक वाला यह मौसम अगले सप्ताह तक बना रह सकता है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon