Founder – Mohan Milan

भागलपुर रेलवे स्टेशन पर खुलेआम फायरिंग और चाकूबाजी, मोबाइल छिनतई के विरोध पर अपराधियों ने मचाया तांडव

भागलपुर,अंग भारत। भागलपुर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-6 के बाहर रविवार सुबह अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया। मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर बेखौफ बदमाशों ने खुलेआम फायरिंग की और चाकू-तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के मो. मिराज और मोंटी के रूप में हुई है। मिराज के हाथ में गोली लगी है, जबकि मोंटी को चाकू से ताबड़तोड़ वार कर जख्मी किया गया है। दोनों को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मोबाइल वापस दिलाना पड़ा भारी -: घायल मो. मिराज ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9 बजे वह घर से निकलकर स्टेशन के पास पहुंचा था। इसी दौरान उसने एक बाइक पर तीन बदमाशों को तेजी से भागते देखा। पीछे से एक यात्री चिल्ला रहा था कि उसका मोबाइल छीन लिया गया है।यात्री की मदद के लिए मिराज ने बदमाशों को रोका और मोबाइल वापस करने को कहा। इस पर बाइक सवार बदमाश भड़क गए और पिस्टल निकालकर एक राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि, उस वक्त मिराज ने हिम्मत दिखाते हुए यात्री को उसका मोबाइल वापस दिलवा दिया।मोबाइल हाथ से निकलने के बाद बदमाशों ने इसे अपनी बेइज्जती समझ लिया। वे मिराज को देख लेने और गोली मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।

आधे घंटे बाद लौटे, की ताबड़तोड़ फायरिंग -: पुलिस के अनुसार, करीब आधे घंटे बाद वही बदमाश 5 से 7 अन्य लड़कों को हथियार के साथ लेकर दोबारा गेट नंबर-6 पर पहुंच गए। आते ही उन्होंने गली में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।इसके बाद अपराधी रेलवे परिसर की ओर बढ़ गए और टिकट काउंटर और पार्किंग क्षेत्र के आसपास भी गोलियां चलाईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों के हाथ में पिस्टल के साथ तलवार और चाकू भी थे। अचानक गोलीबारी और हथियार लहराते बदमाशों को देख स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।इसी दौरान अली, आमिर और तारीक नाम के युवकों के साथ मिलकर अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की और मिराज और मोंटी पर चाकू और तलवार से हमला कर दिया।

रेल पुलिस ने संभाला मोर्चा -: घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। जीआरपी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नसीम अहमद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या 6 के बाहर गेट के पास फायरिंग और चाकूबाजी की घटना हुई है।उन्होंने बताया कि घायल युवकों को तुरंत जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मिराज की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि मोंटी को गहरे जख्म आए हैं।थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। स्टेशन परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।घटना के बाद से स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और यात्रियों में दहशत का माहौल है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon