नवम्बर 9, 2026 4:35 अपराह्न

Founder – Mohan Milan

वंदे भारत में बढ़ी यात्रियों की दिलचस्पी, 189 फीसदी तक पहुंची ऑक्यूपेंसी

भारतीय रेलवे की वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जिसमें दर्ज हुई रिकॉर्ड 189 फीसदी ऑक्यूपेंसी

नई दिल्ली,अंग भारत। वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की बढ़ती दिलचस्पी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश के एक रूट पर इसकी ऑक्यूपेंसी 189.35 फीसदी तक पहुंच गई है। यानी उपलब्ध सीटों की तुलना में यात्रियों की मांग लगभग 1.9 गुना दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 3.98 करोड़ यात्रियों ने वंदे भारत से सफर किया, जो पिछले वित्त वर्ष के 2.97 करोड़ के मुकाबले लगभग 34 फीसदी अधिक है। इसी बढ़ती मांग के बीच रेलवे ने अब वंदे भारत का दायरा चेयर कार से आगे बढ़ाते हुए स्लीपर सेवाओं तक पहुंचा दिया है। देश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस जिस दिल्ली-वाराणसी रूट पर फरवरी 2019 में शुरू हुई थी, अब उसी रूट पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई है।

100 फीसदी से अधिक ऑक्यूपेंसी

किसी भी ट्रेन में ऑक्यूपेंसी का 100 फीसदी से ऊपर पहुंचना गणित के हिसाब से थोड़ा अजीब लग सकता है। जब ट्रेन में सीटों की संख्या सीमित होती है, तो ऑक्यूपेंसी 189 फीसदी कैसे दर्ज की जाती है? दरअसल, ऑक्यूपेंसी का अर्थ किसी एक ही समय में ट्रेन के अंदर बैठे यात्रियों से नहीं है। यह पूरी यात्रा के दौरान एक सीट के उपयोग का कुल आंकड़ा होता है।

लंबी दूरी की यात्रा में ट्रेन अलग-अलग स्टेशनों से गुजरती है। जब कोई यात्री शुरुआती स्टेशन से चढ़कर बीच के किसी स्टेशन पर उतर जाता है, तो वही सीट खाली हो जाती है। इसके बाद उसी सीट को अगले स्टेशन से किसी अन्य यात्री को आवंटित कर दिया जाता है। इस प्रकार एक ही सीट का इस्तेमाल एक ही यात्रा में दो या उससे अधिक बार होता है। रेलवे बोर्ड के जनसंपर्क निदेशालय और टीजी-1 ब्रांच द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों से यह बात स्पष्ट होती है।

  • ट्रेन नंबर 20632 (तिरुवनंतपुरम से मंगलुरु): इस दिशा में यात्रा के दौरान ऑक्यूपेंसी 189.35 फीसदी दर्ज की गई।
  • ट्रेन नंबर 20631 (मंगलुरु से तिरुवनंतपुरम): वापसी के मार्ग पर ट्रेन की ऑक्यूपेंसी 174.77 फीसदी रही।
  • समग्री चेयर कार ऑक्यूपेंसी: वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान पूरे देश में संचालित सभी चेयर कार सेवाओं की कुल औसत ऑक्यूपेंसी 99.10 फीसदी दर्ज की गई।

यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी

वंदे भारत की शुरुआत से लेकर अप्रैल 2026 तक लगभग 1 लाख यात्राओं के माध्यम से 9.1 करोड़ से अधिक लोग इन ट्रेनों में सफर कर चुके हैं। यात्रियों की संख्या के हिसाब से दिल्ली और वाराणसी का मार्ग सबसे आगे बना हुआ है। इस अकेले रूट पर अब तक 73 लाख से अधिक यात्रियों ने इस ट्रेन से यात्रा की है।

वित्त वर्ष कुल यात्री संख्या वार्षिक बढ़ोतरी (%)
2024-25 2.97 करोड़ –
2025-26 3.98 करोड़ 34%

दिल्ली-वाराणसी रूट पर चलने वाली चारों चेयर कार सेवाओं में यात्रियों का भारी दबाव देखने को मिला है। ट्रेन नंबर 22415 (वाराणसी से नई दिल्ली) की ऑक्यूपेंसी 117.26 फीसदी और ट्रेन नंबर 22416 (नई दिल्ली से वाराणसी) की 114.05 फीसदी दर्ज की गई। इसी तरह ट्रेन नंबर 22435 की ऑक्यूपेंसी 117.25 फीसदी और ट्रेन नंबर 22436 की ऑक्यूपेंसी 115.19 फीसदी रही।

स्लीपर वंदे भारत का विस्तार

दिन के समय चलने वाली चेयर कार ट्रेनों की अपार सफलता के बाद रेलवे ने रात के सफर के लिए स्लीपर सेवाएं शुरू की हैं। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जनवरी 2026 में हावड़ा और कामाख्या के बीच पटरी पर उतारी गई थी। इस ट्रेन को भी यात्रियों का पूरा समर्थन मिला है।

हावड़ा-कामाख्या मार्ग पर ट्रेन नंबर 27575 की ऑक्यूपेंसी 127.66 फीसदी दर्ज की गई, जबकि कामाख्या से हावड़ा आने वाली ट्रेन नंबर 27576 की ऑक्यूपेंसी 103.54 फीसदी रही। दोनों दिशाओं को मिलाकर इस स्लीपर सेवा की कुल ऑक्यूपेंसी 114.54 फीसदी दर्ज हुई।

उत्तर प्रदेश की पहली और देश की दूसरी स्लीपर सेवा वाराणसी-नई दिल्ली के बीच शुरू की गई है। 31 अक्टूबर 2026 को वाराणसी में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। ट्रेन नंबर 27421 (वाराणसी से नई दिल्ली) और ट्रेन नंबर 27422 (नई दिल्ली से वाराणसी) की नियमित व्यावसायिक सेवा 2 नवंबर से जारी है। इसके अलावा नवंबर 2026 में ही बेंगलुरु और मुंबई के बीच भी तीसरी स्लीपर वंदे भारत का संचालन प्रारंभ किया गया है।

रेलवे नेटवर्क और कुल कमाई

रेल मंत्रालय के 23 जुलाई के आंकड़ों के अनुसार देशभर में 81 जोड़ी यानी 162 वंदे भारत चेयर कार सेवाएं संचालित की जा रही थीं। इसके बाद हावड़ा-कामाख्या, वाराणसी-नई दिल्ली और बेंगलुरु-मुंबई के बीच 3 जोड़ी स्लीपर ट्रेनें जोड़ी गईं। इस तरह अब देश में कुल 84 जोड़ी यानी 168 दिशात्मक ट्रेन सेवाएं यात्रियों को अपनी सुविधा दे रही हैं।

रेलवे द्वारा जारी स्पष्टीकरण के अनुसार, ट्रेनों का अलग-अलग कमाई का रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं रखा जाता, बल्कि यह कमाई भारतीय रेलवे के कुल यात्री राजस्व का ही हिस्सा होती है।

हालांकि क्षेत्रीय रेल मंडलों के आंकड़े कमाई की एक बेहतर तस्वीर पेश करते हैं। दक्षिण रेलवे की वंदे भारत सेवाओं ने वित्त वर्ष 2024-25 में 540.65 करोड़ रुपये का यात्री राजस्व प्राप्त किया था। वित्त वर्ष 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 803.86 करोड़ रुपये से अधिक हो गया, जो केवल एक क्षेत्र में 263 करोड़ रुपये से अधिक की सीधी बढ़ोतरी दर्शाता है।

अगर पूरे भारतीय रेलवे के कुल यात्री राजस्व की बात करें तो वित्त वर्ष 2025-26 में यह लगभग 80,000 करोड़ रुपये रहा। यह वित्त वर्ष 2024-25 के 75,500 करोड़ रुपये के मुकाबले 5.96 फीसदी अधिक है। इस प्रकार प्रीमियम सेवाओं की वजह से रेलवे की आय और यात्रियों की सुविधा दोनों में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon