Founder – Mohan Milan

राजस्थान में भीषण गर्मी, 12 शहरों में पारा 40 पार

जयपुर,अंग भारत। राजस्थान में गर्मी ने अब तेज रफ्तार पकड़ ली है और हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। सोमवार को राज्य के 12 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा गर्मी कोटा में रही, जहां पारा 42 डिग्री तक पहुंच गया। हैरानी की बात यह रही कि बाड़मेर और जैसलमेर जैसे रेगिस्तानी इलाके भी कोटा से पीछे रह गए।

Read more……कोटा-बाड़मेर में गर्मी का कहर, तापमान में उछाल

हीटवेव का खतरा, यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसी को देखते हुए हीटवेव की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। फलोदी और बाड़मेर में दिन के साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं। फलोदी में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री, बाड़मेर में 27.5 और जैसलमेर में 26 डिग्री दर्ज किया गया। गर्म हवाओं के चलते लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही है।

जयपुर में भी बढ़ी परेशानी
राजधानी जयपुर में भी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बना हुआ है।

कोटा में अस्पतालों की विशेष तैयारी
तेज गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए कोटा के अस्पतालों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने 200 बेड का प्री-फैब्रिकेटेड वार्ड तैयार रखा है, जिसमें से 50 बेड हीटवेव से प्रभावित मरीजों के लिए शुरू कर दिए गए हैं।

जोधपुर में दोपहर को सन्नाटा
जोधपुर में भी तापमान लगातार 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला और लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए।

पर्यटन पर भी असर
गर्मी का असर पर्यटन स्थलों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अजमेर में आनासागर की पाल सहित कई जगहों पर सन्नाटा रहा, जबकि उदयपुर में पर्यटक दोपहर के समय छांव तलाशते नजर आए।

अलवर और सीकर में भी चेतावनी
अलवर में तापमान 41.6 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक हीटवेव चलने की चेतावनी दी है। वहीं सीकर में हल्की हवा से पारे में मामूली गिरावट जरूर आई, लेकिन तेज धूप से राहत नहीं मिली।

विशेषज्ञों की सलाह
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने, सिर ढककर रखने और लू के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है।फिलहाल राजस्थान में गर्मी से राहत के कोई संकेत नहीं हैं और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts