Founder – Mohan Milan

बांका में हथियार बनाने का काला कारोबार उजागर, केस दर्ज

धोरैया (बांका),अंग भारत। धोरैया थाना क्षेत्र के रणगांव पंचायत अंतर्गत सरवा गांव में अवैध हथियार निर्माण के गोरखधंधे का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में अर्द्ध निर्मित हथियार और उन्हें बनाने में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं। इस मामले में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया है, जिसका पहले से आपराधिक इतिहास भी रहा है।

Read more…….भागलपुर हादसा: तेज रफ्तार कार ने तीन मासूमों को कुचला

गुप्त सूचना पर बनी टीम, घर पर हुई छापेमारी

बुधवार को धोरैया थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बौसी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इंद्रजीत बैठा ने बताया कि 7 अप्रैल को बिहार एसटीएफ की आर्म्स सेल से मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक बांका उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने सरवा गांव स्थित बोध नारायण मंडल के घर पर छापेमारी की।

घर से मिला हथियार बनाने का पूरा सेटअप

छापेमारी के दौरान पुलिस को घर से हथियार बनाने का पूरा सेटअप मिला। बरामद सामानों में दो अर्द्ध निर्मित पिस्टल, दो पिस्टल बैरल, एक स्लाइड, पिस्टल के बट के तीन हिस्से, बॉडी का एक हिस्सा और स्लाइड का एक अन्य भाग शामिल है। इसके अलावा सात जिंदा गोलियां भी बरामद की गईं, जिन पर “HPM 32” अंकित था।

हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई औजार भी पुलिस ने जब्त किए हैं। इनमें पिस्टल बनाने का फॉर्मा, गुनिया (एल आकार का स्केल), लोहे का सिकंजा, लेथ मशीन के पार्ट्स, ड्रिल बिट्स, डाई, ग्राइंडर मशीन और अन्य तकनीकी उपकरण शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी बरामद सामग्री लोहे की बनी हुई है और हथियार निर्माण के लिए उपयोग में लाई जा रही थी।

आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास, केस दर्ज

इस मामले में धोरैया थाना कांड संख्या 101/26, दिनांक 7 अप्रैल 2026 को आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी बोध नारायण मंडल का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में भी कई धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह जेल जा चुका है।पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के साथ धोरैया थाना अध्यक्ष अमित कुमार, पुलिस अधिकारी आसिफ अख्तर, सुनील कुमार सिंह सहित कई पुलिसकर्मी और बिहार एसटीएफ की टीम शामिल रही। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response