पटना,अंग भारत। बिहार सरकार ने इस सप्ताह निर्धारित कार्यक्रम से अलग सोमवार को ही मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक बुलाने का फैसला किया है। आमतौर पर यह बैठक प्रत्येक बुधवार को आयोजित होती है, लेकिन इस बार कुछ अहम प्रस्तावों पर जल्द निर्णय लेने की जरूरत के कारण बैठक पहले बुलाई गई है।
Read more………….तीन दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत, मुंगेर में स्वयंसेवकों का करेंगे मार्गदर्शन
शाम 5 बजे होगी महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में यह बैठक सोमवार शाम 5 बजे मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में आयोजित होगी। सरकारी सूत्रों के अनुसार कई विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव सरकार के पास लंबित हैं, जिन पर शीघ्र निर्णय लिया जाना आवश्यक है। इसी वजह से निर्धारित दिन का इंतजार किए बिना बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया।
विकास योजनाओं को मिल सकती है रफ्तार
राजनीतिक विश्लेषक अरुण पाण्डेय का मानना है कि सरकार विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले ले सकती है। इसके अलावा विभिन्न विभागों के वित्तीय और प्रशासनिक प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
एजेंडे पर सस्पेंस, बढ़ी राजनीतिक हलचल
हालांकि सरकार की ओर से अब तक बैठक के एजेंडे का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन अचानक बुलाई गई इस कैबिनेट बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद कई नई योजनाओं और नीतिगत फैसलों की घोषणा हो सकती है।
पिछली कैबिनेट बैठक में 13 प्रस्तावों को मिली थी मंजूरी
गौरतलब है कि सम्राट कैबिनेट की पिछली बैठक भी काफी महत्वपूर्ण रही थी। उस दौरान कुल 13 एजेंडों पर मुहर लगाई गई थी। सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए कई अहम निर्णय लिए थे। इन फैसलों का उद्देश्य बिजली सेवाओं को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना था, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष में हुआ था बड़ा बदलाव
पिछली बैठक में मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से जुड़े नियमों में भी संशोधन किया गया था। जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को अधिक लाभ देने के उद्देश्य से पात्रता शर्तों में बदलाव किया गया। सरकार ने इस योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित वार्षिक आय सीमा को 2.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 4 लाख रुपये कर दिया था। इस फैसले से बड़ी संख्या में परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अब फैसलों पर टिकीं सबकी निगाहें
अब सभी की नजरें सोमवार शाम होने वाली मंत्रिपरिषद की बैठक पर टिकी हैं। बैठक में किन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है और राज्य को कौन-कौन सी नई योजनाएं या फैसले मिलते हैं, इसका खुलासा कैबिनेट निर्णयों के बाद ही हो सकेगा।












One Response