सिलीगुड़ी,अंग भारत। पश्चिम बंगाल की राजनीति में इन दिनों तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर कथित असंतोष और नेताओं के संभावित दल-बदल को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने ममता बनर्जी के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अंततः उन्हें वहीं लौटना पड़ेगा, जहां से उनका राजनीतिक सफर शुरू हुआ था।
Read more………..तृणमूल को बड़ा झटका! सांसद माला राय के विद्रोही खेमे में जाने की अटकलें तेज
“कांग्रेस में शामिल हो जाना चाहिए” : दिलीप घोष
गुरुवार को बागडोगरा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिलीप घोष ने कहा कि यदि ममता बनर्जी के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं चल रही हैं तो इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा, “ममता बनर्जी को कांग्रेस में शामिल हो जाना चाहिए, आखिर जाएंगी कहां? बार-बार वहीं लौटना पड़ता है।”उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब राज्य की राजनीति में कई तरह की अटकलें और राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं जारी हैं।
सायनी घोष और यूसुफ को लेकर भी किया कटाक्ष
तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं को लेकर चल रही अटकलों पर भी दिलीप घोष ने व्यंग्य किया। सायनी घोष और यूसुफ से जुड़े राजनीतिक कयासों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “पूरा स्कोर हो जाने दीजिए।” उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में कई तरह से देखा जा रहा है।
तृणमूल कांग्रेस के भविष्य पर उठाए सवाल
दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस के संगठनात्मक भविष्य को लेकर भी गंभीर टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के भीतर बिखराव बढ़ रहा है और कई नेता पार्टी छोड़ने की राह पर हैं।उन्होंने कहा, “मैंने पहले भी कहा था कि जिस दिन यह पार्टी चुनाव हारेगी, उसी दिन इसके अंत की शुरुआत हो जाएगी। नेता लगातार बाहर जा रहे हैं और जनता भी उन्हें स्वीकार नहीं कर रही है।”
TMC को बताया ‘डी-कंपनी जैसी’
तृणमूल कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी एक संगठित राजनीतिक दल की बजाय एक समूह की तरह काम करती रही है। उन्होंने कहा, “तृणमूल एक गैंग की तरह थी, डी-कंपनी जैसी। कई लोग केवल अपने स्वार्थ के लिए पार्टी में आए थे और जैसे ही राजनीतिक परिस्थितियां बदलीं, वे दूर होने लगे। इस पार्टी का कोई भविष्य नहीं है।”
विकास कार्यों पर भी दिया बयान
अपने दौरे के दौरान दिलीप घोष ने विकास और प्रशासनिक ढांचे से जुड़े मुद्दों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि महकमा परिषद के पास अभी पर्याप्त बुनियादी ढांचा उपलब्ध नहीं है। चुनाव के बाद निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर परिषद को व्यवस्थित करने और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।गौरतलब है कि दिलीप घोष अपनी पत्नी के साथ बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां से वे चिलापाता के लिए रवाना हुए।










