मुंबई,अंग भारत। अभिनेत्री मोनी रॉय और उनके पति सूरज नांबियार इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। दोनों के रिश्ते को लेकर अलगाव की अटकलें तेज हो गई हैं। टीवी इंडस्ट्री से बॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बना चुकी मौनी रॉय की निजी जिंदगी को लेकर फैंस लगातार सवाल उठा रहे हैं।दरअसल, सोशल मीडिया यूजर्स ने हाल ही में नोटिस किया कि मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है। इसके बाद से ही इंटरनेट पर दोनों के रिश्ते में दरार की खबरें तेजी से फैलने लगीं। फैंस इस बदलाव को देखकर हैरान हैं, क्योंकि दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर अपने रिश्ते और खास पलों की झलक साझा करते रहते थे।
Read more……….वायरल गुमशुदगी कांड निकला फिल्म प्रमोशन,जानें पूरा सच
इंस्टाग्राम गतिविधियों ने बढ़ाई चर्चाएं
सोशल मीडिया पर चर्चा तब और तेज हो गई जब कुछ फैंस ने दावा किया कि सूरज नांबियार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से मौनी रॉय के साथ शादी और वेकेशन की कई तस्वीरें हटा दी हैं या उन्हें आर्काइव कर दिया है। हालांकि मौनी रॉय के अकाउंट पर अब भी पति सूरज के साथ कई तस्वीरें मौजूद हैं।इसी वजह से लोग अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं। कुछ यूजर्स का मानना है कि दोनों के बीच सब कुछ सामान्य नहीं चल रहा, जबकि कई फैंस इसे केवल सोशल मीडिया बदलाव मान रहे हैं।
अब तक नहीं आई कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया
रिश्ते में दरार की इन खबरों के बीच अब तक न तो मौनी रॉय और न ही सूरज नांबियार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। दोनों ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर फिलहाल चुप्पी साध रखी है। ऐसे में यह साफ नहीं हो पाया है कि वायरल हो रही खबरों में कितनी सच्चाई है।
2022 में हुई थी ग्रैंड डेस्टिनेशन वेडिंग
गौरतलब है कि मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने साल 2022 में गोवा में बेहद भव्य अंदाज में शादी की थी। शादी मलयाली और बंगाली दोनों रीति-रिवाजों से संपन्न हुई थी, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे।सूरज नांबियार दुबई में रहने वाले बिजनेसमैन और निवेश बैंकर हैं। उनका संबंध बेंगलुरु के एक प्रतिष्ठित जैन परिवार से बताया जाता है। शादी के बाद मौनी अक्सर पति के साथ विदेश यात्राओं और खास मौकों की तस्वीरें साझा करती रही हैं, जिन्हें फैंस काफी पसंद करते थे।
फैंस कर रहे आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। फैंस अब मौनी रॉय या सूरज नांबियार की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। जब तक दोनों में से कोई खुलकर सामने नहीं आता, तब तक यह मामला केवल अटकलों तक ही सीमित माना जा रहा है।










