पटना,अंग भारत। बिहार में बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः शुरू करने और नई चीनी मिलों की स्थापना की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ी पहल शुरू की है। इसी क्रम में गन्ना उद्योग विभाग ने “गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार योजना” लागू की है, जिसका उद्देश्य गैर चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ने की खेती को बढ़ावा देना है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
Read more………पटना समेत कई शहरों में तापमान चढ़ा, लू का अलर्ट जारी
गन्ना खेती विस्तार की बड़ी योजना
राज्य सरकार न केवल बंद चीनी मिलों को फिर से चालू करने पर काम कर रही है, बल्कि बिहार के 25 जिलों में नई चीनी मिलों की स्थापना की दिशा में भी प्रयास कर रही है। साथ ही, जहां चीनी मिलें नहीं हैं, वहां गुड़ उद्योग को बढ़ावा देने की योजना पर भी काम चल रहा है।इसके लिए बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन योजना के तहत किसानों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि गन्ना उत्पादन और उससे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिल सके।
468.93 एकड़ में हुआ गन्ना बीज रोपण
विभागीय जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक राज्य के गैर चीनी मिल क्षेत्रों में कुल 468.93 एकड़ भूमि पर गन्ना बीज लगाया जा चुका है। इसमें भागलपुर, भोजपुर (आरा), दरभंगा, गया, जमुई, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, सहरसा और सीतामढ़ी जैसे जिले शामिल हैं।यह पहल राज्य में गन्ना उत्पादन को एक नए स्तर पर ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
किसानों को मुफ्त गन्ना बीज
गन्ना उद्योग विभाग बिहार द्वारा इस योजना के तहत किसानों को मुफ्त गन्ना बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सुविधा उन किसानों के लिए है जिनके पास 0.25 एकड़ से लेकर 5 एकड़ तक भूमि है।विभागीय अधिकारी लगातार किसानों से संपर्क कर उन्हें इस योजना से जोड़ रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान गन्ना खेती को अपनाएं।
आय और रोजगार बढ़ाने पर जोर
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, गन्ना खेती से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। एक बार गन्ना लगाने के बाद इसे तीन बार तक काटा जा सकता है, जिससे उत्पादन लागत की तुलना में बेहतर लाभ मिलता है।इसके अलावा, गन्ने से गुड़ उत्पादन और जूस उद्योग के माध्यम से अतिरिक्त आय के अवसर भी बढ़ रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।
ईख आयुक्त का बयान
ईख आयुक्त अनिल कुमार झा ने बताया कि राज्य में गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को मुफ्त बीज देकर गन्ना खेती के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है।सरकार का उद्देश्य है कि राज्य के किसान बड़े पैमाने पर गन्ना खेती अपनाएं और इससे अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करें।









