बिहार,अंग भारत| सीवान जिले के मैरवा-गुठनी मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मृतक की पहचान बभनौली गांव निवासी राजकुमार शर्मा के रूप में हुई है।
Read more…………..बौंसी में अपराध की योजना बना रहे दो युवक गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद
यज्ञ देखकर लौट रहे थे घर, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार राजकुमार शर्मा गांव में आयोजित यज्ञ कार्यक्रम से अपने घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह अपने घर के दरवाजे के पास पहुंचे, गुठनी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि घर से महज 50 कदम की दूरी पर ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर तीन युवक सवार थे और वाहन काफी तेज गति से चलाया जा रहा था। हादसा शनिवार रात करीब 12:10 बजे हुआ।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने बाइक सवार एक युवक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया, लेकिन गंभीर रूप से घायल राजकुमार शर्मा को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई।इसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने स्वयं घायल को उठाकर मैरवा रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
रेफरल अस्पताल पहुंचने के बाद भी विवाद खड़ा हो गया। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने बिना समुचित जांच के दवा लिखकर मरीज को रेफर कर दिया, जबकि उस समय तक उनकी मौत हो चुकी थी।डॉक्टर के इस रवैये से नाराज ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ विरोध जताया। लोगों ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राजकुमार शर्मा अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों के अनुसार अभी किसी भी बच्चे की शादी नहीं हुई है। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से पूरे घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस हिरासत में आरोपी युवक, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि जुनैद अंसारी, समाजसेवी धनंजय पांडेय समेत कई स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे। हालात बिगड़ते देख मैरवा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया।इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीवान भेज दिया। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक की पहचान गुठनी थाना क्षेत्र के भठही गांव निवासी कृष्णा कुमार राम के रूप में हुई है।स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के समय युवक नशे की हालत में था और बाइक तेज रफ्तार से चला रहा था। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।












One Response