भागलपुर,अंग भारत। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को निर्धारित कार्यक्रम के तहत भागलपुर पहुंचे। उनके आगमन पर हवाई अड्डे पर सांसदों, जनप्रतिनिधियों तथा एनडीए कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।हवाई अड्डे से निकलने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे विक्रमशिला सेतु पहुंचा, जहां उन्होंने हाल ही में निर्मित बेली ब्रिज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुल की संरचना, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने पुल पर आवागमन की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
Read more……………मुख्यमंत्री से मिले विधायक जयंतराज कुशवाहा, ज्येष्ठगौरनाथ मंदिर विकास पर हुई चर्चा
विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
बेली ब्रिज के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री समाहरणालय पहुंचे। यहां उन्होंने जिले के विकास से जुड़ी करोड़ों रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं के माध्यम से आधारभूत संरचना को मजबूत करने और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
श्रावणी मेला की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने आगामी विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
विकास को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री के दौरे को भागलपुर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेली ब्रिज के संचालन और नई विकास योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं से जिले के विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्राप्त होगी।










