भागलपुर,अंग भारत। यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने मंदार हिल रेलवे स्टेशन पर मोबाइल फूड वैन की शुरुआत की है। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में शुरू की गई इस सुविधा की जानकारी सोमवार को मालदा डिवीजन के पीआरओ ने दी।
विधायक और चेयरपर्सन ने किया उद्घाटन
मोबाइल फूड वैन का औपचारिक उद्घाटन कटोरिया विधायक पुरन लाल टुडू और नगर पंचायत की चेयरपर्सन कोमल भारती ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। रेलवे फ्रेंचाइजी व्यवस्था के तहत शुरू की गई इस सुविधा का उद्देश्य मंदार हिल आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और दैनिक यात्रियों की भोजन और जलपान संबंधी जरूरतों को पूरा करना है।
ताजा खाद्य पदार्थ और पेय उपलब्ध
फूड वैन में साफ-सफाई और बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। यात्रियों को यहां विभिन्न प्रकार के ताजे खाद्य पदार्थ, स्नैक्स तथा ठंडे और गर्म पेय उपलब्ध होंगे। यात्रा के दौरान यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सकेगा।
यात्रियों को मिलेगा बेहतर अनुभव
मालदा मंडल के रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मंदार हिल स्टेशन पर मोबाइल फूड वैन की शुरुआत मंडल की यात्री-केंद्रित सोच और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास का हिस्सा है। इससे स्टेशन की खान-पान व्यवस्था मजबूत होने के साथ मंदार हिल आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों का यात्रा अनुभव भी बेहतर होगा। अधिकारियों का कहना है कि साफ-सफाई और गुणवत्तापूर्ण खान-पान की सुविधा यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी।







