कटिहार,अंग भारत| कटिहार जिले के डंडखोरा प्रखंड अंतर्गत महेशपुर के पास स्थित पसंटा अर्धनिर्मित पुल,जो पिछले लगभग 6 वर्षों से विभिन्न कारणों से अधूरा पड़ा था, अब जल्द ही पूरा होने की उम्मीद जगी है। करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वपूर्ण पुल का गुरुवार को कदवा विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी ने विभागीय इंजीनियरों के साथ स्थल निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।बताया जाता है कि यह पुल प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाया जा रहा है। पुल का मुख्य ढांचा तैयार हो चुका है, लेकिन पुल के एप्रोच पथ के सामने रैयती जमीन आ जाने के कारण निर्माण कार्य वर्षों से ठप पड़ा था। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से संवेदक ने काम रोक दिया था, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।स्थल निरीक्षण के दौरान विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी ने कहा कि पसंटा पुल क्षेत्र की जनता के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इस पुल के अधूरा रहने से महेशपुर सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही थी। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर उन्होंने लगातार विभाग और सरकार के समक्ष आवाज उठाई।उन्होंने बताया कि रैयती जमीन के मुआवजे के लिए अब राशि उपलब्ध करा दी गई है और संबंधित प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विभागीय इंजीनियरों को निर्देश दिया गया है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य फिर से शुरू कराया जाए।










