मध्य प्रदेश सीमा के पास पहुंचा मानसून, 24 घंटे में एंट्री की संभावना
जयपुर,अंग भारत। राजस्थान में लंबे इंतजार के बाद मानसून अब बेहद करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून बुधवार को मध्य प्रदेश से सटी राजस्थान की सीमा तक पहुंच चुका है और अगले 24 घंटे के भीतर इसके प्रदेश में प्रवेश करने की पूरी संभावना है। इसके प्रभाव से कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर शुरू हो गया है। गुरुवार के लिए प्रदेश के 25 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून की रफ्तार बढ़ी, पूर्वी जिलों में बारिश तेज
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और पूर्वी भारत में सक्रिय मानसूनी हवाओं के कारण सिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी वजह से मानसून अब राजस्थान की सीमा के काफी करीब पहुंच गया है।अगले 24 घंटे में इसके प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है, जिससे पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो जाएंगी।
जयपुर समेत कई जिलों में प्री-मानसून बारिश शुरू
मानसून आने से पहले ही राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदलने लगा है। कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग में रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई है। राजधानी जयपुर में बुधवार दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी।गुरुवार सुबह भी रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
25 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए राज्य के 25 जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।अधिकारियों का कहना है कि मानसून के सक्रिय होने के बाद अगले कुछ दिनों में बारिश का दायरा और बढ़ेगा।
तापमान में उतार-चढ़ाव, पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी
मानसून की दस्तक से पहले प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। पश्चिमी राजस्थान में तेज गर्मी अभी भी बनी हुई है।श्रीगंगानगर बुधवार को 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं जयपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर और उदयपुर में दिनभर उमस ने लोगों को परेशान किया।
शहरों में मौसम का अलग-अलग असर
जयपुर में बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, जबकि करौली में तेज बारिश से सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई और यातायात प्रभावित हुआ।अलवर में दिनभर उमस के बाद शाम को मौसम बदल गया और ठंडी हवाओं के साथ बादल छा गए। कोटा में तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि सीकर में उमस बनी रही।जोधपुर और उदयपुर में अभी भी गर्मी का असर है, हालांकि 3 जुलाई के बाद बारिश की संभावना जताई गई है।
आगे मानसून से बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के पहले और दूसरे सप्ताह में प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। हालांकि महीने के अंतिम हिस्से में मानसून कुछ कमजोर पड़ सकता है, जिससे फिर से गर्मी और उमस बढ़ने की आशंका रहेगी।










