रजौन/बांका/अंग भारत। प्रखंड के कोतवाली स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की छात्रा सरिता कुमारी ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए 9.6 लाख के सालाना पैकेज पर प्लेसमेंट हासिल किया है। संस्थान के विद्युत अभियंत्रण विभाग (सत्र 2024-27) के पंचम सेमेस्टर की छात्रा सरिता का चयन इलिएशन सीएई सर्विस प्राइवेट लिमिटेड (ELEATION CAE SERVICE PVT. LTD.) कंपनी में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से हुआ है।
कंपनी द्वारा चयनित छात्रा को 60,000 मासिक टेक-होम वेतन प्रदान किया जाएगा। संस्थान के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा बीते 12 अक्टूबर (सोमवार) को पंचम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए इस कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया था। यह चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी हुई, जिसमें दो चरणों का ऑनलाइन असेसमेंट और तीसरे चरण में साक्षात्कार शामिल था।
सरिता कुमारी ने सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंतिम रूप से सफलता प्राप्त की। छात्रा की इस शानदार उपलब्धि पर संस्थान के प्राचार्य ई. बीरबल कुमार रजक ने हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राचार्य ने कहा कि यह सफलता संस्थान में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के सकारात्मक प्रयासों का प्रमाण है, जो अन्य छात्र-छात्राओं को भी अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रेरित करेगी। वहीं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर ई. रोशन कुमार पांडेय ने भी हर्ष जताते हुए कहा कि प्लेसमेंट सेल विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। छात्रा की इस उपलब्धि से पूरे कॉलेज परिवार में खुशी का माहौल है।







