आसनसोल,अंग भारत। पश्चिम बंगाल के आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी के बीच रविवार देर शाम तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। पार्टी प्रत्याशी तापस बनर्जी के समर्थन में अभिनेत्री और तृणमूल सांसद सायोनी घोष ने बर्नपुर इलाके में एक भव्य रोड शो किया, जिसमें भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।इस रोड शो में तापस बनर्जी स्वयं भी मौजूद रहे और उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ जनता का अभिवादन किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कई वरिष्ठ तृणमूल नेता भी मौजूद रहे, जिससे पूरे आयोजन का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया।
Read more……पश्चिम बंगाल CEO ऑफिस के बाहर हंगामा, 6 पर FIR दर्ज
बर्नपुर से त्रिवेणी मोड़ तक दिखी ताकत
रोड शो की शुरुआत बर्नपुर रेलवे स्टेशन से हुई, जहां से यह शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों से गुजरता हुआ आगे बढ़ा। जुलूस स्टेशन रोड, 78 नंबर वार्ड, टाउन पूजा बाड़ी मैदान, पुराना हाट, मेन रोड, मदरसा, सुभाष पल्ली, शांति नगर, पूर्णिया तालाब, मुंशी प्रेमचंद रोड, बीसीएमएल, नरसिंह बांध, दुबे पाड़ा और नाग मंदिर जैसे क्षेत्रों से होता हुआ त्रिवेणी मोड़ तक पहुंचा।पूरे रास्ते में स्थानीय लोगों ने रोड शो का स्वागत किया और जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
त्रिवेणी मोड़ पर विशाल जनसभा का आयोजन
रोड शो के समापन के बाद त्रिवेणी मोड़ मैदान में एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया गया। इस सभा में भी बड़ी संख्या में तृणमूल समर्थक जुटे। मंच से पार्टी नेताओं ने अपने विचार रखे और आगामी चुनाव में जीत का दावा किया।कार्यक्रम के दौरान “खेला होबे” के नारे लगातार गूंजते रहे, जिससे कार्यकर्ताओं का जोश साफ तौर पर नजर आया।
सायोनी घोष का दावा, जनता का समर्थन हमारे साथ
इस अवसर पर सायोनी घोष ने कहा कि जिस तरह से आम जनता का समर्थन और उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे स्पष्ट है कि इस बार भी तृणमूल कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि जनता विकास और स्थिरता के पक्ष में है और पार्टी को पूरा भरोसा है कि चुनाव परिणाम उनके पक्ष में आएंगे।इस मौके पर आसनसोल साउथ ब्लॉक टाउन तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष पूर्णेन्दु चौधरी, उत्पल सेन, पार्षद अशोक रूद्र, गुरमीत सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।चुनाव से पहले इस तरह के बड़े रोड शो को तृणमूल कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके जरिए पार्टी अधिक से अधिक मतदाताओं तक अपनी पहुंच बना रही है।









