फुल्लीडुमर (बांका)/अंग भारत। प्रखंड क्षेत्र के भीतिया बाजार निवासी शुभम साकेत ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 152वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे फुल्लीडुमर प्रखंड और बांका जिले का नाम रोशन किया है। पहली ही कोशिश में मिली इस उल्लेखनीय सफलता से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
Read more…………..भागलपुर में दुर्लभ हरियल पक्षियों की रहस्यमयी मौत, पर्यावरणविदों ने जताई चिंता
पहली ही कोशिश में मिली बड़ी सफलता
शुभम साकेत समाजसेवी राजाराम साह एवं शिक्षिका सुनीता कुमारी के पुत्र हैं। बीपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में प्रथम प्रयास में सफलता प्राप्त करना उनकी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में रहा शानदार सफर
शुभम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ स्कूल, बांका से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली (रांची) से पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज में दाखिला लिया, जहां से भूगोल विषय में स्नातक की डिग्री हासिल की।
यूपीएससी की तैयारी के बीच मिली सफलता
शुभम ने बताया कि स्नातक के बाद वह दिल्ली में रहकर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बीपीएससी परीक्षा भी दी। लगातार अध्ययन और अनुशासित तैयारी के दम पर उन्होंने बीपीएससी में 152वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
अपनी सफलता पर शुभम ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय उनके माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर मेहनत को जाता है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें हर कदम पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
क्षेत्र में खुशी की लहर, युवाओं के लिए बने प्रेरणा
शुभम की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों, मित्रों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि शुभम की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करेगी।फुल्लीडुमर सहित पूरे बांका जिले के लोगों ने शुभम साकेत की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल प्रशासनिक भविष्य की कामना की है।




































One Response