बौंसी (बांका)/अंग भारत। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नगर क्षेत्र स्थित एम.के. पब्लिक स्कूल में योगाभ्यास एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के निदेशक राजीव सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 200 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों ने योग के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
Read more………….पहली कोशिश में बीपीएससी फतह, फुल्लीडुमर के शुभम बने युवाओं की प्रेरणा
बच्चों को कराया गया योग और प्राणायाम का अभ्यास
कार्यक्रम में विद्यालय की पीटी शिक्षिका ब्यूटी कुमारी ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। बच्चों ने कपालभाति, शीतली, सीत्कारी, अनुलोम-विलोम, मंडूकासन, उज्जायी प्राणायाम सहित सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला।
योग से शरीर और मन रहता है स्वस्थ
विद्यालय की प्रधानाचार्य निजात खान ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण के दौर में योग बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है और मन को शांति मिलती है।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए योग विशेष रूप से लाभकारी है, क्योंकि इससे एकाग्रता बढ़ती है और पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलती है। योग बच्चों के अंदर सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन की भावना भी विकसित करता है।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
योग कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान बच्चों और शिक्षकों ने पौधों के महत्व को समझते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण भी उतना ही जरूरी है।
योग को दिनचर्या में शामिल करने की अपील
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग केवल एक अभ्यास नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं अन्य लोग मौजूद रहे और सभी ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।




































One Response