बिहार

फुल्लीडुमर अस्पताल में कैंसर स्क्रीनिंग को लेकर जागरूकता अभियान

फुल्लीडुमर/बांका/अंगभारत। प्रखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में बुधवार को कैंसर स्क्रीनिंग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व चिकित्सा प्रभारी डॉ. संजीव कुमार सिंह एवं सदर अस्पताल की महिला चिकित्सक डॉ. प्रियंका गुप्ता ने मेडिकल टीम के साथ किया। इस दौरान विशेष रूप से महिलाओं में होने वाले विभिन्न प्रकार के कैंसर, खासकर सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, जांच और बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। डॉ. प्रियंका गुप्ता ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर की जांच और आवश्यक दवाइयां सदर अस्पताल में उपलब्ध हैं। समय पर जांच कराने से इस बीमारी का प्रभावी इलाज संभव है। उन्होंने लोगों से नियमित जांच कराने और जागरूक रहने की अपील की। अभियान के तहत निर्देश दिया गया कि सीएचसी फुल्लीडुमर के अधीन सभी एपीएचसी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और हेल्थ सब सेंटर (एचएससी) का दौरा कर स्क्रीनिंग की जाएगी। सीएचओ और एएनएम को निर्देशित किया गया कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रत्येक केंद्र पर कम से कम 50 लोगों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर डॉ. नवीन भारती, बीएचएम, बीसीएम सहित एएनएम, जीएनएम और अन्य पैरामेडिकल कर्मी उपस्थित रहे।