खामेनेई के दूसरे पुत्र मोजतबा ईरान पर हुए हमले में गंभीर चोटों के बावजूद सुरक्षित
तेहरान,अंग भारत। अमेरिका-इजराइल के ईरान के खिलाफ शुरू किए गए सैन्य अभियान के पहले दिन 28 फरवरी को सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के दिवंगत होने के साथ ही उनके दूसरे पुत्र मोजतबा खामेनेई को गहरी चोट आई हैं। इस हमले में अयातुल्ला खामेनेई के साथ परिवार के अनेक सदस्य और सैन्य अधिकारी मारे गए हैं। इसके बाद मोजतबा खामेनेई को उनका उत्तराधिकारी चुना गया। फिलहाल उन्हें सुरक्षित बताया गया है।ईरान के सरकारी टेलीविजन ने 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई को सर्वोच्च नेता चुने जाने के बाद उन्हें रमजान में युद्ध का जाबांज जरूर कहा, पर उनकी चोट का कभी जिक्र नहीं किया। यह भी साफ नहीं हैं कि उनका ठिकाना कहां है। उन्होंने अभी तक राष्ट्र को संबोधित भी नहीं किया। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार मोजतबा खामेनेई ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के पहले दिन ही घायल हो गए थे। तब इस रिपोर्ट पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।लंदन के अखबार द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के बेटे और सरकारी सलाहकार यूसुफ पेजेशकियन ने बुधवार सुबह कहा कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई चोटों के बावजूद सुरक्षित हैं। अपने टेलीग्राम चैनल पर पोस्ट करते हुए राष्ट्रपति के पुत्र पेजेशकियन ने कहा, ”मैंने खबर सुनी कि मोजतबा खामेनेई घायल हो गए हैं। मेरे कुछ दोस्तों के मोजतबा से संबंध हैं। मैंने उनसे इस बारे में पूछा। उन्होंने मुझे बताया कि भगवान का शुक्र है कि वह सुरक्षित और ठीक हैं।”

Mohan Milan