राष्ट्रीय

आज पेश होगा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव

नई दिल्ली,अंग भारत। आज संसद के केंद्रीय बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू हो रहा है।यह दो अप्रैल तक चलेगा।पहले दिन लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव (नोटिस) को पेश किया जाएगा। इस प्रस्ताव को सदन में विपक्षी सांसद मोहम्मद जावेद, के. सुरेश और डॉ. मल्लू रवि पेश करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नौ और 1० मार्च के लिए व्हिप जारी किया है। कांग्रेस ने भी सभी सदस्यों को ०9-11 मार्च तक सदन में उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है।आज चर्चा के दौरान बिरला लोकसभा में आसन पर नहीं बल्कि सदन में सत्तापक्ष के सदस्यों के साथ मौजूद रहकर अपने ऊपर लगाए गए आरोपों का जवाब दे सकेंगे। सदन की कार्यवाही उपाध्यक्ष या पैनल ऑफ चेयरपर्सन में शामिल सदस्य संचालित करते हैं। फिलहाल लोकसभा में उपाध्यक्ष का पद खाली है, ऐसे में पैनल में शामिल सांसद ही कार्यवाही का संचालन करेंगे।पिछले महीने बजट सत्र के पहले चरण के दौरान विपक्ष ने लोकसभा के महासचिव को अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। इसमें लोकसभा अध्यक्ष पर पक्षपातपूर्ण तरीके से कार्य करने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की गई थी। इस प्रस्ताव पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके, वामपंथी दलों और अन्य दलों के सदस्यों सहित 118 सांसदों ने हस्ताक्षर किए थे।इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने भी विपक्ष के प्रस्ताव को समर्थन देने की घोषणा की है। तृणमूल कांग्रेस के 29 सांसद हैं। नियमों के अनुसार स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव लोकसभा में साधारण बहुमत से पारित होता है। मौजूदा लोकसभा में एनडीए के पास करीब 29० से अधिक सांसदों का समर्थन है।