गैस सिलेंडर किल्लत को लेकर सुपौल में अतिथि गृह के पास लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
सुपौल,अंग भारत। जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को सुपौल शहर के अतिथि गृह के पास बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गैस की आपूर्ति में अनियमितता और लंबे समय से सिलेंडर नहीं मिलने की समस्या को लेकर प्रशासन और गैस एजेंसियों के खिलाफ नाराजगी जताई।
उपभोक्ताओं का कहना है कि कई दिनों से गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही लोग एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पर्याप्त संख्या में सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।सूचना मिलने के बाद मौके पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही गैस आपूर्ति की स्थिति सामान्य कर दी जाएगी। एसडीएम मनोहर साहू, एसडीपीओ शिवेन्द्र अनुभवी ,थानाध्यक्ष रामसेवक रावत सहित अन्य पुलिस कर्मी पहुंच कर आक्रोशित लोगों को समझा बुझा कर जाम समाप्त करवाया। लोगों का कहना था कि गैस एजेंसी के संचालक कोई ठोस जबाब नहीं देते है कि कब आपूर्ति की जाएगी।सुबह से लाइन में है ।लेकिन दुकान का शटर नहीं खुला। जिसके बाद लोग आक्रोशित होकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं का कहना था कि तीन दिनों से ओन लाइन बुकिंग भी नहीं हो रहा है। जिसके काफी परेशानी हो रही है।

Mohan Milan