बांका में गोहाल में सो रहे वृद्ध दंपती की गला रेतकर हत्या
जमीन विवाद में वारदात की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
बांका,बिहार| बांका टाउन थाना क्षेत्र के बसतपुर गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध दंपती की बेरहमी से हत्या कर दी। इस डबल मर्डर की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। मृतकों की पहचान कैलाश यादव और उनकी पत्नी समरी देवी के रूप में की गई है।जानकारी के अनुसार, वृद्ध दंपती अपने घर के पास बने गोहाल में सो रहे थे। इसी दौरान गुरुवार की देर रात अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और धारदार हथियार से दोनों की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह उस समय हुई जब आसपास के लोगों की नजर दंपती के शव पर पड़ी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।ग्रामीणों के अनुसार मृत दंपती का कुछ लोगों के साथ पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।घटना की सूचना मिलते ही बांका के एसडीपीओ अमर विश्वास, टाउन थाना अध्यक्ष सुधीर कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं।एसडीपीओ अमर विश्वास ने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का उद्भेदन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Mohan Milan