बाल संरक्षण प्रावधानों की जानकारी सभी तक पहुंचाएं : आयुक्त

सहरसा,अंग भारत। समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के सौजन्य से शनिवार को स्थानीय प्रेक्षा गृह में बाल संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर पारस्परिक समन्वय को लेकर प्रमंडल स्तरीय विचार गोष्ठी सह संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोशी प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी सहरसा दीपेश कुमार, जिलाधिकारी सुपौल सावन कुमार, जिलाधिकारी मधेपुरा अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक सहरसा हिमांशु, पुलिस अधीक्षक सुपौल शरथ आर. एस., पुलिस अधीक्षक मधेपुरा डॉ. संदीप सिंह, उप विकास आयुक्त सहरसा गौरव कुमार, अपर समाहर्ता निशांत तथा किशोर न्याय परिषद के माननीय न्यायाधीश सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने कहा कि बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों की जानकारी सभी संबंधित हितधारकों तक पहुंचाना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण सत्र के माध्यम से दी गई जानकारी को सभी अधिकारी और संबंधित हितकारक गंभीरता से ग्रहण करें तथा समय-समय पर उसका अध्ययन कर प्रावधानों का सुनिश्चित अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने इसे विभाग की सराहनीय पहल बताया। वहीं जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि बेसहारा एवं जरूरतमंद बच्चों की समुचित देखभाल करना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। तभी विकसित राष्ट्र की परिकल्पना साकार हो सकती है। उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों और प्रावधानों की जानकारी देने के उद्देश्य से इस तरह का आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण और स्वागत योग्य है। कार्यक्रम में बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रावधानों, योजनाओं और कानूनों की जानकारी विस्तार से दी गई तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर बल दिया गया। इस दौरान प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, न्यायिक पदाधिकारी तथा बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न हितधारक उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Related Posts
Recent Posts