गुवाहाटी,अंग भारत। 16वीं असम विधानसभा चुनाव के लिए राज्य की सभी 126 विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से जारी है। इस बार चुनावी मैदान में उतरे 722 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ढाई करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे।निर्वाचन आयोग ने मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे राज्य में 31,486 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
Read more……..‘जहरीला सांप’ टिप्पणी पर घिरे खरगे, दर्ज हुई शिकायत
कड़ी सुरक्षा और बड़ी संख्या में कर्मियों की तैनाती
मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ सीआरपीएफ के जवान भी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा चुनाव ड्यूटी के लिए कुल 1,51,132 मतदान कर्मियों की नियुक्ति की गई है, जो विभिन्न बूथों पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
722 उम्मीदवार मैदान में, नामांकन के बाद तय हुआ आंकड़ा
इस चुनाव में कुल 722 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 663 पुरुष और 59 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। शुरुआत में 815 उम्मीदवारों ने 1,389 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जांच के बाद 789 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए, लेकिन बाद में 67 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद अंतिम रूप से 722 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए।
ढाई करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे फैसला
असम में कुल 2,50,54,463 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,25,31,552 पुरुष, 1,25,22,593 महिला और 318 तीसरे लिंग के मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 63,423 सेवा मतदाता भी इस प्रक्रिया का हिस्सा हैं।राज्य में युवाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय है। 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 6,42,314 मतदाता पहली बार मतदान कर रहे हैं। वहीं 80 वर्ष से अधिक आयु के 2,50,006 वरिष्ठ मतदाता और 2,05,085 दिव्यांग मतदाता भी इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल हैं।
कुछ सीटों पर दिलचस्प मुकाबला
मतदाताओं की संख्या के लिहाज से दलगांव विधानसभा क्षेत्र सबसे बड़ा है, जहां 3,17,110 मतदाता हैं। वहीं आमरी विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 1,00,494 मतदाता हैं।कुछ सीटों पर मुकाबला काफी रोचक है। आल्गापुर-काटलीचेरा और दक्षिण करीमगंज सीटों पर सबसे अधिक 15-15 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं 9 विधानसभा क्षेत्रों में केवल 2-2 उम्मीदवार ही चुनाव लड़ रहे हैं।
पिछले चुनाव का परिदृश्य और आगे की प्रक्रिया
गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन ने 75 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं कांग्रेस नेतृत्व वाले गठबंधन को 46 सीटें मिली थीं।इस बार मतदान के बाद मतों की गिनती 4 मई को होगी, जबकि वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को समाप्त हो रहा है।











One Response