बिहार

542 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़नेवाली सुरंग का किया कार्यारंभ

पटना,अंग भारत। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 542 करोड़ की लागत से बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़नेवाली सुरंग का अनावरण कर कार्यारंभ किया।मुख्यमंत्री ने निर्माण करनेवाली मशीन का बटन दबाकर कार्य की शुरूआत करायी। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सुरंग (टनल) के निर्माण कार्य की प्रक्रिया तथा इसे पूर्ण करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। नेहरू पथ के समीप हड़ताली मोड़ स्थित निर्माणाधीन म्यूज़ियम सब-वे टनल के कार्यारंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य बेहतर ढंग से जल्द पूर्ण हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। इसके बन जाने से बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय में लगे प्रदर्शों का लोग आसानी से एक जगह से दूसरी जगह जाकर अवलोकन कर सकेंगे। पर्यटकों की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी होगी, इसे ध्यान में रखते हुए पाîकग और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय का परिभ्रमण किया। इस दौरान बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिह ने संग्रहालय परिसर में लगाए गए नए प्रदर्शों, पर्यटकों की संख्या, पाîकग की व्यवस्था, संग्रहालय परिसर में उपलब्ध सुविधाओं आदि के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। परिभ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस काम को तेजी से आगे बढ़ायें। हमारे मन में पहले से ही यह इच्छा थी कि पुराने स्ट्रक्चर को तोड़कर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बने जो हर प्रकार की आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित हो। नेहरू पथ के किनारे इस बहुमंजिला इमारत के बन जाने से आवासन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। इसके बगल में बेहतर ढंग से पार्क का निर्माण करायें ताकि संग्रहालय आनेवाले लोग इसका भी आनंद उठा सकें।मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़नेवाली सुरंग के पटना संग्रहालय वाले छोर का भी स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।