Founder – Mohan Milan

पंजाब विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अभाविप की जीत पर राजनाथ, शाह समेत कई नेताओं ने दी बधाई

नई दिल्ली,अंग भारत।  पंजाब विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद जीतने पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल समेत कई नेताओं ने अभाविप की जीत को युवाओं के विश्वास की जीत बताया।

राजनाथ सिंह ने बताया निर्णायक जनादेश

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर अभाविप कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह निर्णायक जनादेश युवाओं के ‘राष्ट्र प्रथम’ के विचार में विश्वास को दिखाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभाविप छात्र कल्याण और राष्ट्र निर्माण के लिए आगे भी पूरी निष्ठा से काम करती रहेगी।

अमित शाह ने कहा- युवा शक्ति के विश्वास की जीत

गृह मंत्री अमित शाह ने भी अभाविप कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि लगातार दूसरी बार मिली जीत युवा शक्ति के ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा में भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि परिषद के कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर छात्रहित के लिए काम करते रहेंगे।

शिवराज ने सकारात्मक सोच की जीत बताया

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अभाविप की लगातार दूसरी जीत बताती है कि आज का युवा सकारात्मक सोच, स्पष्ट विचार और काम करने वाली टीम के साथ खड़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए छात्रहित को प्राथमिकता देकर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

पीयूष गोयल ने कार्यकर्ताओं की मेहनत को सराहा

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह जीत विश्वविद्यालय के युवाओं के विश्वास और अभाविप कार्यकर्ताओं की वर्षों की मेहनत और प्रतिबद्धता का नतीजा है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित होकर परिषद के कार्यकर्ता विद्यार्थियों की आवाज बनें और विश्वविद्यालय के विकास में योगदान दें।

शेखावत ने बताया राष्ट्रनिष्ठ विचारों की जीत

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि अभाविप की लगातार दूसरी जीत युवा शक्ति के राष्ट्रनिष्ठ विचार और संकल्प का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं का राष्ट्रवाद से स्वाभाविक जुड़ाव रहा है।

रेखा गुप्ता और मोहन यादव ने भी दी बधाई

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अभाविप की टीम और अध्यक्ष पद पर विजयी अंकित बिधान को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी जीत बताती है कि युवा राष्ट्रवाद, राष्ट्र प्रथम और भारतीयता को अपनी राजनीति की दिशा बना रहे हैं।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अभाविप कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प और युवा शक्ति के विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने छात्रहित और राष्ट्रहित में आगे भी काम करने की उम्मीद जताई।

अंकित बिधान ने जीता अध्यक्ष पद

पंजाब विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में सोमवार को अभाविप उम्मीदवार अंकित बिधान ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। चुनाव में शिरोमणि अकाली दल के छात्र संगठन स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया ने अभाविप को समर्थन दिया था। पिछले चुनाव में भी अभाविप का उम्मीदवार अध्यक्ष पद पर विजयी हुआ था।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon