दुबई,अंग भारत। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने आठवीं बार यह ट्रॉफी जीतकर टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा। साथ ही पिछले संस्करण के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का हिसाब भी चुकता कर लिया।
मंधाना-शेफाली ने रखी बड़े स्कोर की नींव
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारत की पारी की सबसे बड़ी खासियत सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बीच पहले विकेट के लिए हुई 129 रन की शानदार साझेदारी रही।मंधाना ने 39 गेंदों पर 59 रन बनाए, जबकि शेफाली वर्मा ने 39 गेंदों में 68 रन की आक्रामक पारी खेली। दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए और शुरुआती ओवरों में भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 14 और ऋचा घोष ने 17 रन का योगदान दिया।
भारतीय गेंदबाजों के सामने श्रीलंका ढेर
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और निर्धारित लक्ष्य से 72 रन दूर रह गई। कप्तान चमारी आटापट्टू ने 36 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की। नीलाक्षीका सिल्वा ने 22 और विष्मी गुनारत्ने ने 20 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके।भारत की ओर से श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। वहीं दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लेकर श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
आठवीं बार चैंपियन बना भारत
भारतीय महिला टीम ने 2004 में खेले गए महिला एशिया कप के पहले संस्करण में भी खिताब जीता था। अब आठवीं बार ट्रॉफी अपने नाम कर भारत ने इस प्रतियोगिता में अपना दबदबा और मजबूत कर लिया है।पिछले संस्करण के फाइनल में श्रीलंका ने भारत को हराकर पहली बार महिला एशिया कप का खिताब जीता था। इस बार भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को हराकर न केवल ट्रॉफी वापस हासिल की, बल्कि पिछली हार का बदला भी ले लिया।







