रजौन/बांका/अंग भारत। भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस को इस बार रजौन में भव्य तरीके से मनाया जाएगा। इसको लेकर कुर्मी महासंघ अंग प्रदेश और पटेल संघ रजौन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य कार्यक्रम रजौन प्रखंड मुख्यालय के प्रवेश द्वार स्थित सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा स्थल पर आयोजित होगा।
लौहपुरुष को समर्पित होंगे कई कार्यक्रम -: कुर्मी महासंघ अंग प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह और सचिव संदीप कुमार चौधरी ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नडियाद में हुआ था। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इसी कारण उन्हें लौहपुरुष कहा जाता है। उनकी 151वीं जयंती को यादगार बनाने के लिए कई कार्यक्रम तय किए गए हैं।
30 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान -: निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 अक्टूबर को सुबह 9 बजे प्रतिमा स्थल के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें स्थानीय युवा और संगठन के कार्यकर्ता शामिल होंगे और पूरे परिसर की साफ-सफाई करेंगे।
31 अक्टूबर को प्रभातफेरी और एकता यात्रा-: 31 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे रजौन बाजार के मोदी हाट के निकट स्थित शिवमणि संस्थान से पटेल स्मारक स्थल, रजौन प्रखंड मुख्यालय तक प्रभातफेरी और एकता यात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय एकता रथ और माल्यार्पण -: सुबह 10 बजे राष्ट्रीय एकता रथ का आयोजन होगा। इसके बाद सुबह 11 बजे सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। सुबह 11:15 बजे राष्ट्रीय एकता संदेश दिया जाएगा, जिसके माध्यम से लोगों को एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संकल्प दिलाया जाएगा।
शाम में दीपोत्सव का आयोजन -: दिन भर के कार्यक्रमों के बाद शाम 4 बजे राष्ट्रीय एकता दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। प्रतिमा स्थल पर दीप जलाकर सरदार पटेल को याद किया जाएगा।आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरदार पटेल के विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने और राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के संकल्प को मजबूत करने की अपील की है।







