पटना,अंग भारत। बिहार विधान परिषद की चार शिक्षक और चार स्नातक सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजे लगभग साफ हो गए हैं। अब तक आए परिणामों और रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी को तीन सीटों पर जीत मिली है। जनता दल यूनाइटेड, राष्ट्रीय जनता दल और जन सुराज को एक-एक सीट पर सफलता मिली है, जबकि दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी है या बढ़त बनाए हुए हैं।
भाजपा-जदयू गठबंधन को चार सीटें -: इस चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन भाजपा-जदयू के खाते में कुल चार सीटें आई हैं। भाजपा को तीन और जदयू को एक सीट पर जीत मिली है। वहीं राजद और प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को एक-एक सीट पर सफलता मिली है। सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय राहुल राज ने जीत दर्ज की है, जबकि तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय वंशीधर ब्रजवासी बढ़त बनाए हुए हैं।
आठ में से पांच सीटों पर भूमिहार उम्मीदवार आगे -: इस बार के विधान परिषद चुनाव में जातीय समीकरण भी खुलकर सामने आया है। आठ सीटों में से पांच पर भूमिहार समाज के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है या बढ़त बनाई है। इनमें तिरहुत शिक्षक सीट से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह, पटना शिक्षक सीट से राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक सीट से जदयू के नीरज कुमार, दरभंगा शिक्षक सीट से जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय और दरभंगा स्नातक सीट से भाजपा के सर्वेश कुमार शामिल हैं। कोसी स्नातक सीट से भाजपा के डॉ. एनके यादव ने जीत दर्ज की है, जो यादव समाज से आते हैं। सारण शिक्षक सीट से जीते राहुल राज राजपूत समाज से हैं और तिरहुत स्नातक सीट पर आगे चल रहे वंशीधर ब्रजवासी मल्लाह समाज से आते हैं।पटना शिक्षक सीट पर 30 साल बाद राजद की वापसी
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह ने भाजपा के नवल किशोर यादव को 1,057 वोटों से हराया। संजीव कुमार सिंह को 4,487 वोट मिले, जबकि नवल किशोर यादव को 3,430 वोट मिले। इस जीत के साथ राजद ने करीब 30 साल बाद इस सीट पर कब्जा किया है। यह सीट लंबे समय से भाजपा के पास थी।
तिरहुत शिक्षक सीट पर भाजपा का कब्जा -: तिरहुत शिक्षक सीट से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह विजयी हुए हैं। उन्हें 2,945 वोट मिले। निर्दलीय भूषण झा 2,351 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। भाकपा के संजय सिंह को 1,967 और जन सुराज के श्याम नंदन यादव को 1,335 वोट मिले।
दरभंगा शिक्षक सीट से जन सुराज का खाता खुला -: दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की है। इसके साथ ही जन सुराज को विधान परिषद में पहली सफलता मिली है। सुरेश प्रसाद राय को 2,593 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के निवर्तमान विधान पार्षद डॉ. मदन मोहन झा को 2,269 वोट मिले। माकपा के रामदेव राय तीसरे स्थान पर रहे, जबकि जदयू और राजद के उम्मीदवार चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।सारण शिक्षक सीट से भाजपा के बागी निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जीत हासिल की है। उन्हें 4,965 वोट मिले, जबकि जदयू के आनंद पुष्कर को 3,150 वोट मिले। जन सुराज के आफाक अहमद 2,454 वोटों के साथ तीसरे और राजद के जयराम यादव 1,708 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार जीते -: पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार ने राजद के दिलीप कुमार को करीबी मुकाबले में हराया। जन सुराज के अनुज सिंह तीसरे और कांग्रेस के डॉ. असदुल्लाह खान चौथे स्थान पर रहे। मोकामा विधायक अनंत सिंह का समर्थन मिलने के बावजूद जन सुराज के उम्मीदवार को जीत नहीं मिल सकी।दरभंगा स्नातक सीट पर भाजपा के सर्वेश कुमार आगे
दरभंगा स्नातक सीट पर भाजपा के सर्वेश कुमार लगातार दूसरी बार जीत की ओर बढ़ रहे हैं। हालांकि उनकी जीत की औपचारिक घोषणा बाकी है। इस सीट पर राजद के अनिल कुमार झा दूसरे स्थान पर हैं।
तिरहुत स्नातक और कोसी स्नातक का हाल -: तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय वंशीधर ब्रजवासी 25,257 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं। जदयू के अभिषेक झा 19,980 वोटों के साथ दूसरे और राजद की डॉ. रश्मि गौतम 14,977 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। कोसी स्नातक सीट पर भाजपा के निवर्तमान विधान पार्षद डॉ. एनके यादव ने करीब 10 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है।







