Founder – Mohan Milan

वैष्णवी की फिरकी में फंसा जिम्बाब्वे, भारत ने एकदिवसीय श्रृंखला में किया 3-0 से क्लीन स्वीप

वडोदरा,अंग भारत। वैष्णवी शर्मा की पांच विकेट की शानदार गेंदबाजी और प्रतिका रावल व शेफाली वर्मा के नाबाद अर्धशतकों की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मुकाबले में जिम्बाब्वे को आठ विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया।वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में बुधवार को खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई और 39.5 ओवर में महज 131 रन पर सिमट गई।जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। सायली सतघरे ने दूसरे ओवर में ही लॉरीन फिरी को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। अगले ओवर में क्रांति गौड़ ने चिपो मुगेरी-तिरिपानो को 4 रन पर पवेलियन भेजा। फिर स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने कहर बरपाते हुए बेलव्ड बीजा को 1 रन पर आउट किया और फिर 27 रन की साझेदारी तोड़ते हुए सलामी बल्लेबाज मोडेस्टर मुपाचिक्वा को 37 रन के निजी स्कोर पर स्टंप आउट कराया।जिम्बाब्वे की कप्तान जोसेफिन नोकोमो ने पारी संभालने का प्रयास किया। उन्होंने चिएद्जा धुरुरु (20 रन, 39 गेंद) के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 रन जोड़े, लेकिन वैष्णवी ने मध्यक्रम को ध्वस्त करते हुए अपने पांच विकेट पूरे किए। सायली सतघरे और क्रांति गौड़ को भी दो-दो विकेट मिले।

प्रतिका और शेफाली ने दिलाई आसान जीत -: 132 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को पहली ही गेंद पर झटका लगा, जब नोमवेलो सिबांडा ने यास्तिका भाटिया को शून्य पर आउट कर दिया। इसके बाद हरलीन देओल ने 19 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 19 रन बनाए, लेकिन लॉरीन फिरी ने उन्हें आउट कर स्कोर 2 विकेट पर 44 रन कर दिया।यहां से प्रतिका रावल और शेफाली वर्मा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए नाबाद 88 रन की साझेदारी कर भारत को 22 ओवर में ही जीत दिला दी। प्रतिका 59 रन और शेफाली 51 रन बनाकर नाबाद रहीं। शेफाली ने छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को जीत दिलाई।इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एकदिवसीय श्रृंखला 3-0 से अपने नाम कर ली। इससे पहले भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भी 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon