Founder – Mohan Milan

छठ पर घर आना होगा आसान, भागलपुर-पटना के बीच दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन

भागलपुर,अंग भारत। छठ पर्व पर हर साल ट्रेनों में मारा-मारी होती है। टिकट मिलता नहीं, जनरल में पैर रखने की जगह नहीं। इसी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने इस बार पहले से तैयारी कर ली है। पूर्वी रेलवे के मालदा मंडल ने भागलपुर से पटना के बीच छठ स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। शनिवार को मंडल की तरफ से इसका नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया।रेलवे के मुताबिक ये ट्रेन नवंबर में तीन दिन चलेगी। आना-जाना दोनों के लिए।

कब-कब चलेगी ट्रेन -: जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 03431 भागलपुर-पटना छठ स्पेशल 9 नवंबर, 16 नवंबर और 23 नवंबर को भागलपुर से खुलेगी। सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर भागलपुर जंक्शन से चलेगी और शाम 5 बजकर 10 मिनट पर पटना पहुंचेगी।वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 03432 पटना-भागलपुर स्पेशल पटना से रात 8 बजकर 45 मिनट पर चलेगी। ये भी 9, 16 और 23 नवंबर को ही चलेगी और रात भर सफर के बाद अगले दिन सुबह 2 बजकर 40 मिनट पर भागलपुर पहुंचेगी।मतलब छठ से पहले और छठ के बाद दोनों समय यात्रियों को ये ट्रेन मिल जाएगी।

कहां-कहां रुकेगी -: रेलवे ने बताया है कि ये ट्रेन रास्ते में सुल्तानगंज, जमालपुर और अभैपुर स्टेशन पर रुकेगी। दोनों तरफ जाते और आते समय ठहराव दिया गया है। इससे मुंगेर, लखीसराय और भागलपुर के आसपास के लोगों को काफी फायदा होगा। जो लोग छोटे स्टेशनों से आते-जाते हैं, उन्हें पटना या भागलपुर जाकर ट्रेन नहीं पकड़नी पड़ेगी।

कौन से कोच लगेंगे -: इस बार रेलवे ने इसमें हर तरह के कोच लगाए हैं। जनरल, स्लीपर और एसी तीनों की व्यवस्था रहेगी। ताकि मजदूरी करने वाले, पढ़ाई करने वाले छात्र और परिवार के साथ जाने वाले सभी लोग सफर कर सकें। एसी कोच रहने से बुजुर्ग और बच्चों को भी दिक्कत नहीं होगी।

टिकट की बुकिंग -: अभी बुकिंग शुरू नहीं हुई है। रेलवे ने कहा है कि बुकिंग की तारीख एक-दो दिन में बता दी जाएगी। टिकट IRCTC की वेबसाइट, ऐप और स्टेशन के काउंटर से मिल जाएगा। रेलवे ने लोगों से कहा है कि फर्जी वेबसाइट और दलालों के चक्कर में न पड़ें, सिर्फ आधिकारिक जगह से ही टिकट लें।

हर साल क्यों होती है दिक्कत -: बिहार में छठ सिर्फ त्योहार नहीं, इमोशन है। इस दौरान दिल्ली, मुंबई, सूरत, कोलकाता, बेंगलुरु में काम करने वाले लाखों लोग घर लौटते हैं। भागलपुर, बांका, मुंगेर से भी बड़ी संख्या में लोग पटना, आरा, छपरा की तरफ जाते हैं। ऐसे में विक्रमशिला, भागलपुर-मुंबई, ब्रह्मपुत्र मेल समेत सभी ट्रेनें फुल हो जाती हैं। वेटिंग 200-300 तक पहुंच जाता है। कई बार तो लोगों को दो-दो दिन स्टेशन पर ही रुकना पड़ता है।पिछले साल भी छठ के समय रेलवे को दर्जनों स्पेशल ट्रेनें चलानी पड़ी थीं। इस बार भीड़ को देखते हुए पहले से ही स्पेशल ट्रेन की घोषणा की गई है।

यात्रियों ने क्या कहा -: भागलपुर के रहने वाले छात्र अमित कुमार ने बताया कि हर बार छठ पर घर आने के लिए काफी परेशानी होती है। जनरल में चढ़ना मुश्किल हो जाता है। स्पेशल ट्रेन चलने से राहत मिलेगी। वहीं पटना में काम करने वाले सुल्तानगंज के मनोज कहते हैं कि रात वाली ट्रेन से काफी सुविधा होगी, दिन में काम करके रात में घर जा सकते हैं।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अभी तीन फेरे तय किए गए हैं। अगर यात्रियों की भीड़ और बढ़ती है तो फेरों को बढ़ाया भी जा सकता है। साथ ही रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन और स्टेशन पर साफ-सफाई बनाए रखें और अफवाह पर ध्यान न दें।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts
Recent Posts
App Icon