Founder – Mohan Milan

1 अप्रैल से महंगा हुआ गैस सिलेंडर, जानें नई कीमत

नई दिल्ली, अंग भारत। पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर अब घरेलू बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें बुधवार से लागू हो गई हैं, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर सीधा असर पड़ेगा।तेल कंपनियों द्वारा जारी नई कीमतों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब बढ़कर 2,078.50 रुपये हो गई है। इससे पहले 1 मार्च को भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 114.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार दूसरे महीने हुई इस वृद्धि ने व्यापारिक वर्ग की चिंता बढ़ा दी है।

घरेलू उपभोक्ताओं को राहत, कीमतों में नहीं हुआ बदलाव

जहां एक ओर कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा हुआ है, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी मौजूदा कीमत 913 रुपये बनी हुई है। इससे पहले 7 मार्च को घरेलू सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

Read more……इंडिगो ने शुरू की कोलकाता-शंघाई रोजाना सीधी उड़ानें

हर महीने होती है कीमतों की समीक्षा

सरकारी तेल कंपनियां—इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम—हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी और एटीएफ (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ये कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव और डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर के आधार पर तय की जाती हैं।

क्रूड ऑयल के कारण बढ़ा दबाव

विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसी वजह से क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी आई है, जिसका सीधा असर एलपीजी के दामों पर पड़ा है। आने वाले समय में यदि यही स्थिति बनी रहती है, तो कीमतों में और बदलाव संभव है।

पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर

गौरतलब है कि पिछले वर्ष मार्च में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती के बाद से इनके दाम स्थिर बने हुए हैं। दिल्ली में फिलहाल पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। हालांकि, वैश्विक बाजार के रुख को देखते हुए इसमें भी भविष्य में बदलाव से इनकार नहीं किया जा सकता।कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, ढाबा और अन्य व्यवसायों पर पड़ेगा, जिससे खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल उपभोक्ताओं और कारोबारियों की नजर आने वाले महीनों में तेल कंपनियों के फैसलों पर टिकी हुई है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response