सुपौल,अंग भारत। जिले के प्रतापगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद एक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।मृतका की पहचान परसा बिरवन वार्ड संख्या-14 निवासी 32 वर्षीय ममता कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन उसे इलाज के लिए प्रतापगंज सीएचसी लेकर पहुंचे थे।
Read more…….बांका में हथियार बनाने का काला कारोबार उजागर, केस दर्ज
समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप
परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी ममता कुमारी को समय पर समुचित इलाज नहीं मिला। इलाज में देरी और लापरवाही के कारण उसकी स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ती चली गई। इसी दौरान उसने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ ही देर बाद नवजात की मौत हो गई।नवजात की मौत के बाद प्रसूता की हालत और अधिक गंभीर हो गई। परिजनों का आरोप है कि स्थिति नाजुक होने के बावजूद डॉक्टरों ने तत्काल प्रभाव से आवश्यक उपचार नहीं किया, जिससे हालात और बिगड़ गए।
गंभीर हालत में किया गया रेफर
जब महिला की हालत अत्यधिक खराब हो गई, तब अस्पताल प्रशासन ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।इस घटना ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार में मां और नवजात की मौत से मातम का माहौल है। परिजन लगातार स्वास्थ्य केंद्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
डॉक्टर ने संक्रमण को बताया कारण
वहीं इस मामले में प्रतापगंज सीएचसी के चिकित्सक डॉ. साजिद ने बताया कि महिला ने मृत शिशु को जन्म दिया था। इसके बाद उसे संक्रमण हो गया, जिससे उसकी स्थिति बिगड़ गई। उन्होंने कहा कि हालत गंभीर होने पर ही उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया था।फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। परिजन मामले की जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।











One Response