वडोदरा में रेल, सड़क और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास, मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली,अंग भारत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री गुजरात के वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। इसके बाद वह मुंबई पहुंचेंगे, जहां शाम को ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
वडोदरा में दोपहर 12 बजे कार्यक्रम
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री 8 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे वडोदरा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान पश्चिमी समर्पित माल गलियारे (डब्ल्यूडीएफसी) के तीन महत्वपूर्ण खंड राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे। इन 326 किलोमीटर लंबे रेल खंडों के निर्माण पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए हैं।इनमें साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जेएनपीटी खंड शामिल हैं। इन खंडों के शुरू होने के साथ पश्चिमी समर्पित माल गलियारा अपनी पूरी लंबाई में परिचालन के लिए तैयार हो जाएगा।
जेएनपीए से माल की सीधी रेल कनेक्टिविटी
इन परियोजनाओं से जेएनपीए से सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे बंदरगाह तक आने-जाने वाले आयात-निर्यात के माल की आवाजाही तेज होने की उम्मीद है। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों और बंदरगाहों के बीच संपर्क बेहतर होगा।माल परिवहन के लिए अलग रेल गलियारे से लॉजिस्टिक्स लागत कम करने और समय की बचत में भी मदद मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा मुंबई के मौजूदा रेल नेटवर्क पर मालगाड़ियों का दबाव कम होगा, जिससे यात्री रेल सेवाओं को भी फायदा हो सकता है।
कई मालगाड़ियों को हरी झंडी दिखाएंगे
प्रधानमंत्री न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू जेएनपीटी, मुंबई से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा वडोदरा से टांडा रोड के बीच नई ट्रेन सेवा को भी रवाना किया जाएगा। इस ट्रेन से वडोदरा, छोटा उदयपुर और अलीराजपुर जिलों के लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।प्रधानमंत्री छोटा उदयपुर-धार परियोजना के तहत निर्मित जोबाट-टांडा रोड नई रेल लाइन को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस रेल लाइन के शुरू होने से अलीराजपुर के दूरदराज और आदिवासी इलाकों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
329 किलोमीटर की रेल परियोजनाओं की आधारशिला
प्रधानमंत्री करीब 9,700 करोड़ रुपये की लागत वाली 329 किलोमीटर लंबी तीन रेल परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी रेल लाइन, मियागाम करजन-चोरंदा-मलसार आमान परिवर्तन और विश्वामित्री-डभोई दोहरीकरण परियोजना शामिल है।इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद यात्री और माल परिवहन की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही रेल मार्गों पर भीड़ कम करने और गुजरात तथा मध्य प्रदेश के बीच संपर्क को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
सड़क परियोजनाओं पर भी रहेगा जोर
रेल के साथ सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री करीब 1,780 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें एनएच-48 के कामरेज-चलथान खंड को छह लेन का बनाना शामिल है।इसके अलावा वडोदरा-सूरत खंड पर तापी और नर्मदा नदियों पर प्रमुख पुलों समेत अतिरिक्त ढांचों का निर्माण और एनएच-53 पर अभावा, मिंडहोला तथा खजोड़ जंक्शन पर ग्रेड सेपरेटेड संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा।प्रधानमंत्री एनएच-48 के वडोदरा-सूरत सेक्शन पर कंडारी चौकड़ी और लुवारा पाटिया में छह लेन वाले फ्लाईओवर का उद्घाटन भी करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य सड़क सुरक्षा बेहतर करना और दुर्घटना संभावित स्थानों यानी ब्लैक स्पॉट की समस्या को कम करना है।
गुजरात सरकार की परियोजनाओं की भी सौगात
प्रधानमंत्री गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें वडोदरा शहरी विकास प्राधिकरण की रिंग रोड फेज-2 परियोजना, कडाना बांध में 110 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना और वडोदरा नगर निगम के नए कार्यालय भवन जैसी योजनाएं शामिल हैं।इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास परियोजनाओं और पूर्वी वडोदरा के 11 गांवों के लिए जलापूर्ति परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे।
मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन
वडोदरा के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री शाम करीब 5:45 बजे मुंबई पहुंचेंगे। यहां वह ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 का उद्घाटन करेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। जीएफएफ का सातवां संस्करण 8 से 11 सितंबर तक मुंबई में आयोजित किया जा रहा है।वर्ष 2020 से यह सम्मेलन नीति-निर्माताओं, नियामकों, केंद्रीय बैंकों, वित्तीय संस्थानों, फिनटेक कंपनियों, तकनीकी कंपनियों, निवेशकों और शिक्षाविदों को एक मंच पर लाने वाला अंतरराष्ट्रीय विचार-विमर्श का प्रमुख मंच बन गया है।
एजेंटिक एआई और नई तकनीक पर चर्चा
इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘पोटेंशियल टू इम्पैक्ट: एजेंटिक एआई, टोकनाइज़ेशन, क्वांटम-समावेशी फाइनेंस के लिए भरोसेमंद, कनेक्टेड और ग्लोबल सिस्टम’ है। सम्मेलन में एजेंटिक एआई, प्रोग्रामेबल फाइनेंस, टोकनाइजेशन और क्वांटम तकनीक जैसी उभरती तकनीकों पर चर्चा होगी।इन तकनीकों के जरिए वैश्विक स्तर पर भरोसेमंद, समावेशी और प्रभावी वित्तीय व्यवस्था विकसित करने के उपायों पर विशेषज्ञ विचार रखेंगे। प्रधानमंत्री के गुजरात और महाराष्ट्र दौरे को बुनियादी ढांचे, रेल संपर्क, सड़क नेटवर्क, ऊर्जा और आधुनिक वित्तीय तकनीक के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







