पश्चिमी सिंहभूम,अंग भारत। जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही एक युवती पर अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया है।घटना कल्याणपुर स्थित आनंद मार्ग स्कूल के सामने वाली गली की बताई जा रही है। घायल युवती की पहचान 24 वर्षीय शिल्पी मोदक के रूप में हुई है, जो न्यू कॉलोनी नीमडीह स्थित संतोषी मंदिर के पास की रहने वाली है। उसके पिता अनिल मोदक पेशे से टोटो चालक हैं।बताया जा रहा है कि शिल्पी रोज की तरह बुधवार रात बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए एक युवक ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
Read more…….सीटीसी में जवान की मौत पर हंगामा, साथियों का फूटा गुस्सा
घात लगाकर किया हमला, कई बार चाकू से वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर ने सफेद शर्ट और जींस पहन रखी थी। उसने युवती पर लगातार सात से आठ बार चाकू से वार किया। अचानक हुए इस हमले से युवती खुद को बचा नहीं सकी और गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।
गंभीर हालत में अस्पताल से जमशेदपुर रेफर
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।घायल के बड़े पिता सुनील मोदक ने बताया कि शिल्पी उनके छोटे भाई अनिल मोदक की बेटी है और वह रोजाना बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने जाती थी। घटना की जानकारी कुछ बच्चों के माध्यम से परिवार को मिली, जिसके बाद परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे।
पुलिस जांच में जुटी, चाकू बरामद
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है।साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपी की पहचान हो सके। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।










