Founder – Mohan Milan

टाटा मैजिक से टक्कर में दो की मौत, एक की हालत गंभीर

पश्चिम सिंहभूम,अंग भारत। झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के नुरदा टोला, कुदापी गांव का है, जहां शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

Read more……….ट्यूशन से लौट रही युवती पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

देर रात हुआ भीषण हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान विपिन सिंकु (17) और विक्रम सिंकु (18) के रूप में की गई है। दोनों युवक आपस में परिचित थे और एक ही क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे में भीम सिंह सिंकु (23) गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि चौथ चंद्र मोहन सिंकु को मामूली चोटें आई हैं और वह फिलहाल अपने गांव में ही है।

पारंपरिक कार्यक्रम से लौटते समय हादसा

बताया जा रहा है कि हाटगम्हरिया क्षेत्र के मुंडा शाही में भाजपा नेत्री सुमन बिरुवा के घर आदिवासी हो समाज का पारंपरिक कार्यक्रम “दुल सुनुम” आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद चारों युवक देर रात शौच के लिए तालाब की ओर जा रहे थे।वे सभी हीरो एचएफ मोटरसाइकिल पर सवार होकर ब्लांडिया की दिशा में बढ़ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक “छोटा हाथी” (टाटा मैजिक) वाहन से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

मौके पर एक की मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि विपिन सिंकु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल विक्रम सिंकु को तत्काल इलाज के लिए चाईबासा ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।गंभीर रूप से घायल भीम सिंह सिंकु को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

नेताओं और प्रशासन ने ली घटना की जानकारी

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू अस्पताल पहुंचीं और घायल भीम सिंह सिंकु व उसके पिता सीताराम सिंह से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने घटना की पूरी जानकारी भी ली।

पुलिस कर रही मामले की जांच

इधर, हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

बढ़ते सड़क हादसों से दहशत

इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में यातायात नियमों का सख्ती से पालन और सड़क सुरक्षा उपायों को लागू करने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

One Response

Recent Posts