मुंबई,अंग भारत। फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री अपनी अगली महत्वाकांक्षी फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रोजेक्ट को भूषण कुमार के साथ मिलकर बनाया जा रहा है, जिससे इसकी चर्चा और भी तेज हो गई है।अब ताजा जानकारी के अनुसार, फिल्म के मुख्य किरदार के लिए वरुण धवन का नाम सामने आया है। सूत्रों का कहना है कि मेकर्स ने उन्हें इस फिल्म का प्रस्ताव दिया है और अभिनेता ने इसमें शुरुआती रुचि भी दिखाई है। हालांकि, अभी तक इस कास्टिंग को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Read more……..साउथ फिल्म ‘जन नायकन’ पायरेसी शिकार, सितारों में गुस्सा
विवेक अग्निहोत्री की फिल्म को लेकर बढ़ा उत्साह
बताया जा रहा है कि जल्द ही वरुण धवन को फिल्म की पूरी स्क्रिप्ट सुनाई जाएगी। इसके बाद ही वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने को लेकर अंतिम निर्णय लेंगे। जैसे ही यह खबर सामने आई, वैसे ही उनके प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ गया है। फिल्म का विषय भी गंभीर और चर्चित बताया जा रहा है, जो दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा रहा है।
ब्रेक के बाद फिल्मों में वापसी को तैयार अभिनेता
गौरतलब है कि हाल ही में वरुण धवन ने अपनी निजी जिंदगी को समय देने के लिए काम से छोटा ब्रेक लिया था। वह अपनी बेटी लारा के साथ समय बिताना चाहते थे। अब खबर है कि वह एक बार फिर से फिल्मों में सक्रिय होने के लिए तैयार हैं और कई प्रोजेक्ट्स पर विचार कर रहे हैं।फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अभिनेता अपने अगले प्रोजेक्ट्स को लेकर काफी सतर्क हैं और सोच-समझकर फैसले ले रहे हैं। ऐसे में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट से उनका नाम जुड़ना एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
भूषण कुमार के साथ बन रही बड़ी फिल्म पर नजरें
वर्क फ्रंट की बात करें तो वरुण धवन जल्द ही फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी।फिलहाल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर आधिकारिक कास्टिंग का ऐलान होना बाकी है, लेकिन वरुण धवन के नाम की चर्चा ने इस फिल्म को पहले ही चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब दर्शकों को इंतजार है कि क्या वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनते हैं या नहीं।








