जयपुर,अंग भारत। राजस्थान में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में जहां भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर दोपहर बाद चलने वाली तेज आंधी और हल्की बारिश राहत भी दे रही है। शुक्रवार को बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बीकानेर में भी पारा 44.2 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि अधिकांश शहरों में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
Read more…………राजस्थान में भीषण गर्मी, 12 शहरों में पारा 40 पार
दोपहर बाद बदल रहा मौसम, बारिश से राहत
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में अगले तीन से चार दिनों तक मौसम का यही मिश्रित स्वरूप बना रहेगा। दोपहर बाद कई इलाकों में तेज आंधी चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने 16 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी जयपुर में शनिवार सुबह तेज धूप खिली, लेकिन करीब नौ बजे अचानक मौसम बदल गया और तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई।
मई के पहले पखवाड़े में कम रहेगी गर्मी
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, मई के शुरुआती 15 दिनों में सामान्य से कम गर्मी रहने की संभावना है। इस दौरान आंधी और बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आमतौर पर मई में 5 से 6 दिन ही आंधी-बारिश होती है, लेकिन इस बार यह अवधि बढ़कर 10 से 12 दिन तक पहुंच सकती है। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री कम रह सकता है।
पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर जारी
हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और बीकानेर जैसे जिलों में अभी भी गर्मी का प्रकोप कम नहीं हुआ है। जोधपुर में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। वहीं अजमेर में दिनभर गर्मी के बाद शाम को तेज अंधड़ और बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को राहत मिली। पिछले 24 घंटे में 5.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और शादी समारोह स्थलों पर नुकसान की भी खबरें सामने आई हैं। नागौर में भी शुक्रवार शाम को तेज बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
अन्य जिलों में मिला-जुला असर
कोटा में दिनभर गर्मी बनी रही, हालांकि पहले हुई बारिश के कारण सुबह-शाम हल्की राहत महसूस की गई। उदयपुर में दो दिन की राहत के बाद फिर गर्मी बढ़ी, लेकिन शाम के समय मौसम सुहावना रहा। अलवर में हल्के बादलों और हवाओं के कारण अन्य शहरों की तुलना में थोड़ी राहत रही, जबकि सीकर में दिनभर तेज धूप से लोग परेशान रहे।
आगे भी जारी रहेगा मौसम का उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राजस्थान में गर्मी और आंधी-बारिश का मिला-जुला दौर जारी रहेगा। पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर अधिक रहेगा, जबकि पूर्वी और मध्य राजस्थान में दोपहर बाद मौसम बदल सकता है। किसानों और आमजन को तेज हवाओं, बिजली गिरने और अचानक बदलते मौसम से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले चार से पांच दिनों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से आंधी और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। इससे तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा और हीटवेव से कुछ राहत मिल सकती है।









