बलिया,अंग भारत। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में सीबीआई की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से बलिया निवासी एक और आरोपी राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद उसके पैतृक गांव रतोपुर और आसपास के इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
Read more……………….योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, यूपी में बनेगा 2400MW प्लांट
सीबीआई की कार्रवाई से बढ़ी हलचल
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई ने पहले इस मामले में बलिया निवासी राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया था। अब दूसरी गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी की कार्रवाई और तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी राजकुमार सिंह को हरिद्वार से लौटते समय मुजफ्फरनगर टोल प्लाजा पर दबोचा गया।सीबीआई ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद मामले में नए खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
गांव में छाया सन्नाटा
गिरफ्तारी की खबर जैसे ही रतोपुर गांव पहुंची, पूरे इलाके में खामोशी छा गई। आरोपी के पिता त्रिभुवन नारायण सिंह ने मीडिया के सामने गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब पौने सात बजे सीबीआई अधिकारी ने फोन कर गिरफ्तारी की जानकारी दी।हालांकि परिवार ने इस मामले में अधिक कुछ कहने से इनकार कर दिया है। गांव के लोग भी इस घटना को लेकर हैरान हैं और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राजकुमार सिंह के खिलाफ पहले से ही रसड़ा कोतवाली में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।पहला मामला वर्ष 2020 में मारपीट से जुड़ा है, जबकि दूसरा मामला 15 अप्रैल 2024 को दर्ज हुआ था। इसमें एससी-एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं और इसमें आरोपी के पिता का नाम भी शामिल है।
जांच के दायरे में और लोग
सीबीआई की जांच के दायरे में अब अन्य लोगों के भी आने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि बांसडीह इलाके के एक गांव में भी जांच एजेंसी की गतिविधियों की चर्चा है। इससे यह संकेत मिल रहे हैं कि मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।फिलहाल सीबीआई इस पूरे हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है।











One Response