नोएडा,अंग भारत। पैसों के लेनदेन को लेकर युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में नोएडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब एक बजे हुई इस मुठभेड़ में दो आरोपियों को गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Read more…………..बलिया में दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गांव में सन्नाटा
हत्या के बाद पुलिस ने तेज की थी तलाश
जानकारी के अनुसार, चोटपुर कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय दीपक पुत्र सूरज सिंह की 17 मई की रात पैसों के विवाद को लेकर अमन, संदीप और उनके साथियों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल युवक को इलाज के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई।इस मामले में परिजनों की शिकायत पर हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। लगातार जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और घेराबंदी की तैयारी की।
पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात एफएनजी रोड की ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो आरोपी घायल हो गए।घायलों की पहचान अमन पुत्र वीर सिंह (22) और संदीप कुमार पुत्र संजय सिंह (20) के रूप में हुई है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो नाबालिग भी पकड़े गए
मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए थे, जिन्हें बाद में पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी बाल अपचारी हैं।चारों आरोपियों के कब्जे से तीन देशी तमंचे, कारतूस, खोखा, हत्या में प्रयुक्त चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
परिजनों का थाने में हंगामा
घटना के बाद मृतक युवक के परिजन थाने पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पूरे इलाके में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण का दावा किया है।
इलाके में तनाव, पुलिस अलर्ट
घटना के बाद चोटपुर कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।










