गुवाहाटी,अंग भारत। गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एलजीबीआईए) पर सुरक्षा जांच के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मुंबई जाने वाली उड़ान में सवार होने की तैयारी कर रहे थे, तभी जांच के दौरान उन पर सुरक्षा कर्मियों को संदेह हुआ।गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बांग्लादेश निवासी राणा मोल्ला और माफूजा अख्तर लीमा के रूप में हुई है। दोनों को एयरपोर्ट के नए टर्मिनल-2 पर अकासा एयर की मुंबई जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से पहले नियमित सुरक्षा जांच के दौरान रोका गया।
फर्जी आधार कार्ड समेत मिले संदिग्ध दस्तावेज
सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान दोनों यात्रियों के पास से फर्जी भारतीय आधार कार्ड सहित कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए। दस्तावेजों की जांच के बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई और विस्तृत जांच के लिए आजारा पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने फर्जी पहचान पत्र किस माध्यम से हासिल किए और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।
फर्जी दस्तावेज गिरोह से जुड़े होने की आशंका
जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह मामला विदेशी नागरिकों को फर्जी भारतीय पहचान दस्तावेज उपलब्ध कराने वाले गिरोह से जुड़ा हो सकता है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं।जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपितों की भारत में मौजूदगी का उद्देश्य क्या था और क्या इनके संपर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गुवाहाटी एयरपोर्ट पर बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी का यह पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पहले भी सीआईएसएफ ने एयरपोर्ट से एक अन्य बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया था।लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी है। यात्रियों के दस्तावेजों की जांच और सुरक्षा प्रक्रिया को और सख्त किया जा रहा है, ताकि फर्जी पहचान के जरिए यात्रा करने वालों पर कार्रवाई की जा सके।











